Advertisement
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने मेरा युवा भारत (माय भारत) नाम से एक स्वायत्त संस्था बनाने का फैसला किया है। इसका उद्देश्य युवाओं में सेवा और कर्तव्य भाव जागृत करते हुए उनका देश और समाज हित में उपयोग करना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को एक स्वायत्त निकाय की स्थापना को मंजूरी दी।
मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राष्ट्रीय मीडिया सेंटर में पत्रकार वार्ता में बताया कि 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की जयंती पर इसकी शुरुआत की जाएगी। ये निकाय युवाओं को समान पहुंच प्रदान करते हुए युवा विकास और युवा नेतृत्व वाले विकास के लिए प्रौद्योगिकी द्वारा संचालित एक व्यापक सक्षम तंत्र के रूप में कार्य करेगा।
अनुराग ठाकुर ने बताया कि मेरा युवा भारत (माय भारत) का प्राथमिक उद्देश्य युवा विकास के लिए एक संपूर्ण सरकारी मंच बनाना है। संसाधनों तक पहुंच और अवसरों से जुड़ने से युवा सामुदायिक परिवर्तन एजेंट और राष्ट्र निर्माता बन जाएंगे। यह राष्ट्र निर्माण के लिए अपार युवा ऊर्जा का उपयोग करना चाहता है। यह मंच सेवा, कर्तव्य और सकारात्मक भाव वाले युवाओं के लिए है।
राष्ट्रीय युवा नीति में 'युवा' की परिभाषा के अनुरूप 15-29 वर्ष के आयु वर्ग के युवाओं को इसका लाभ मिलेगा। विशेष रूप से किशोरों के लिए बनाए गए कार्यक्रमों में लाभार्थी 10-19 वर्ष के आयु वर्ग के होंगे।
इससे अनुभव के साथ नेतृत्व कौशल का विकास होगा। इससे युवाओं सक्रियता बढ़ेगी। युवा आकांक्षाओं और सामुदायिक आवश्यकताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा। मौजूदा कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। यह मंच युवा लोगों और मंत्रालयों के लिए वन स्टॉप शॉप के रूप में कार्य करेगा। इसमें एक केंद्रीकृत युवा डेटा बेस बनाया जाएगा। सरकारी पहलों और अन्य हितधारकों की गतिविधियों को जोड़ने के लिए दोतरफा व्यवस्था प्रदान करेगा। यह एक भौतिक पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करते हुए युवाओं की पहुंच सुनिश्चित करेगा।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |