Advertisement
शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक यात्री बस और कार की आमने सामने से सीधी टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बस में बैठे सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हादसा कालापील तहसील के अरनिया कला गांव के पास आष्टा-शुजालपुर हाईवे पर हुआ।
जानकारी अनुसार कार सवार दंपत्ति शनिवार सुबह अपनी कार से शुजालपुर से आष्टा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अरनिया कला के नजदीक पोलायकला से शुजालपुर की ओर जा रही यात्रियों से भरी बस से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए, वहीं बस का अगला हिस्सा भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे मेंं कार सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार लोगों को चोट नहीं आई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही तिलावद चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने बस में सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल कर दूसरे वाहनों से मौके से रवाना किया। स्थानीय लोगों की मदद से कार से मृत दंपति को बाहर निकाला गया। कार सवार दंपती की पहचान नहीं हो पाई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह दोनों वाहनों की तेज रफ्तार बताई जा रही है। कार में सवार मृत दंपती शुजालपुर के बताए जा रहे हैं, हालांकि इस बात की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |