Video

Advertisement


खंडवा में कावड़ यात्रा पर पथराव के बाद तनाव
khandwa,Tension after stone pelting, Kavad Yatra

खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिला मुख्यालय पर सोमवार रात मस्जिद के पास से गुजर रही कांवड़ यात्रा पर पथराव कर दिया गया जिससे शहर में तनाव का माहौल निर्मित हो गया। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। घटना में तहसीलदार की गाड़ी के कांच फूटे हैं। लोगों को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट नहीं करने की हिदायत दी गई है। शहर में रास्तों पर बैरिकेडिंग की जा रही है। जगह-जगह पुलिस टीमें तैनात की गई है। बवाल के बीच खंडवा कलेक्टर खुद मोर्चे पर उतर आए हैं। वह लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना है कि बवाल करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

 

दरअसल, महादेवगढ़ संगठन के बैनर तले सोमवार सुबह से ही खंडवा नगर में ‘जय हिंदू राष्ट्र कांवड़ यात्रा’ निकाली जा रही थी। सुबह से निकली यात्रा देर रात को कहारवाड़ी इलाके में मस्जिद के सामने पहुंची। मस्जिद से थोड़ी दूर पर ही यात्रा का अंतिम छोर था। इस दौरान मस्जिद के पास कोई व्यक्ति यात्रा का भगवा ध्वज लहराने के दौरान टकरा गया, जिससे गुस्साए समुदाय विशेष के लोगों ने पथराव कर दिया। हालात को काबू में करने को लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।

 

यह कांवड़ यात्रा ओंकारेश्वर से खंडवा पहुंची थी। यहां नगर भ्रमण दौरान जगह-जगह फूलों से भव्य स्वागत किया गया। भोलेनाथ के जयकारों से शहर गूंज उठा था। हिंदू राष्ट्र बनाने और अखंड भारत पुनर्स्थापित करने का संकल्प दिलाकर यह कांवड़ यात्रा निकाली गई थी। कांवड़ यात्रा में हजारों युवा शामिल थे। जय हिंदू राष्ट्र कावड़ यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन ने पुख्ता प्रबंध कर रखे थे। नगर के गली मोहल्ले में बैरिकेडिंग की गई थी। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात थी। ड्रोन कैमरे से निगरानी की जा रही थी। सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था, लेकिन यात्रा के अंतिम पड़ाव के पूर्व ही मामूली बात पर पथराव हो गया, जिसे पुलिस ने काबू करते हुए कांवड़ यात्रियों को मौके से रवाना किया। निगम कर्मियों को बुलाकर पथराव वाले स्थान से सड़क पर पड़े पत्थर साफ करवाए गए।

 

खंडवा कलेक्टर अनूप कुमार सिंह ने बताया कि पथराव की मामूली घटना हुई थी। अब स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अफवाहों पर यकीन न करें। वह खुद मोर्चा संभाल रहे हैं। जगह-जगह पुलिस बल को तैनात कर फ्लैग मार्च किया जा रहा है, ताकि स्थिति बिगड़ने न पाए। कलेक्टर अनूप कुमार सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीमा अलावा घटनास्थल पहुंचे और कहारवाड़ी और जलेबी चौक का जायजा लिया। इस दौरान सीएसपी पूनमचंद यादव और एसडीएम अरविंद चौहान भी मौके पर मौजूद रहे।

 

कलेक्टर अनूप कुमार सिंह ने बताया कि एसपी के छुट्टी पर होने के चलते एडिशनल एसपी सीमा अलावा हमारे साथ मौजूद हैं। हमारे पास पथराव का वीडियो फुटेज है। पथराव करने वालों को चिन्हित किया जा रहा है। उनकी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। एडिशनल एसपी सहित कई थानों की पुलिस फोर्स भी फ्लैग मार्च कर रही है। इसके अलावा जिले के अलग-अलग थानों से भी फोर्स को बुलाकर शहर में तैनात किया जा रहा है।

Kolar News 8 August 2023

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.