Advertisement
ग्वालियर। बंगाल की खाड़ी में एक नई मौसम प्रणाली विकसित होने की संभावना है। जिसके प्रभाव से 16 से 18 जुलाई तक ग्वालियर-चंबल संभाग में जोरदार बारिश की उम्मीद है। हालांकि मौसम विभाग ने इससे पहले अगले 24 घंटे के दौरान भी अंचल में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
शुक्रवार को ग्वालियर के गगन में कभी मध्यम तो कभी घने बादल तो छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। जिससे दिन भर उमस भरी गर्मी परेशान करती रही, हालांकि तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। स्थानीय मौसम विज्ञानी हुकुम सिंह ने बताया कि इस समय ग्वालियर के पास से मानसून की अक्षीय रेखा गुजर रही है। उत्तर प्रदेश के दक्षिणी भाग में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में भी एक चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है इसलिए मानसून अभी सक्रिय है। इसके चलते अगले 24 घंटे के दौरान ग्वालियर एवं चंबल दोनों संभागों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
अगले 24 से 48 घंटे के दौरान उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में एक नया चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित होने की उम्मीद है। इसके प्रभाव से मध्यप्रदेश के अधिकांश भागों सहित ग्वालियर-चंबल संभाग में भी 16 से 18 हुलाई तक अच्छी बारिश हो सकती है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 2.2 डिग्री सेल्सियस कम है।
न्यूनतम तापमान भी 1.2 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 26.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.5 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 97 और शाम को 78 प्रतिशत दर्ज की गई। शहर में एक जून से अब तक बारिश कुल 346.2 मिलीमीटर दर्ज की गई है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |