Advertisement
होटल शेरेटन ग्रैंड पैलेस में बुधवार को हुए कर्मवीर अवार्ड सम्मान में शहर की 30 शख्सियतों को प्रदेश गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने सम्मानित किया। सम्मानित हुए लोगों में प्रशासनिक अधिकारी, बिजनेसमैन, वकील, समाजसेवी और धर्मगुरु शामिल हैं।उन्होंने कहा कि कर्म फल आप तक घूमकर आता ही है। यदि हम अच्छा करते हैं तो हमारे साथ भी अच्छा ही होता है और यदि बरे काम करते हैं, तो हमें उन कर्मों का फल भुगतना ही पड़ता है। गीता में भी मनुष्य को कर्मयोगी बनने के लिए प्रेरित किया गया है। उन्होंने अपनी इस बात के लिए एक रोचक प्रसंग भी सुनाया। गृहमंत्री मिश्रा ने कहा कि कभी-कभी लोग नए काम करने की रिस्क नहीं लेते या फिर लोग क्या कहेंगे, यह सोचकर कुछ नया प्रयोग करने से रुक जाते हैं। ऐसे लोगों की उन्नति उसी वक्त रुक जाती है। न्यूटन, राइट ब्रदर्स और जेम्सवाट के मन में सामान्य गतिविधियों को देखकर जिज्ञासा जागृत हुई और उन्होंने दूसरों की उलाहनाओं की परवाह ना करते हुए कुछ नया करने का प्रयास किया और इतिहास में अपना नाम अमर कर दिया। उन्होंने कहा कि आप जिस विधा में पारंगत हैं, आपको उसी विधा में आगे बढ़ना चाहिए। आप जिस काम को कर रहे हैं, पूरी तन्मयता के साथ कीजिए। कोई भी काम छोटा नहीं होता है, हर काम बड़ा होता है। यदि आप पूरे मन से उसे करते हैं तो आगे रास्ते अपने आप बनते जाते हैं। दैनिक भास्कर को भी साधुवाद जो वो लगातार कर्मवीरों का सम्मान करता रहा है। भास्कर ने कोरोना काल में भी योद्धाओं के काम के प्रति समर्पण की भावना की हौसला अफजाई की थी। कार्यक्रम में दैनिक भास्कर मप्र के स्टेट एडिटर सतीश सिंह, इंदौर यूनिट हेड नरेशप्रताप सिंह मौजूद थे। आयोजन के हॉस्पिटैलिटी पार्टनर होटल शेरेटन ग्रैंड पैलेस थे।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |