Advertisement
नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने मणिपुर में जारी हिंसा के बीच शांति की अपील की है। संघ ने विस्थापितों और मणिपुर हिंसा के पीड़ितों के साथ एकजुटता दिखाते हुए विश्वास के अभाव को दूर करने के प्रयास और बातचीत के जरिए समाधान खोजने की अपील की है। संघ ने नागरिक समाज, राजनीतिक समूहों और आम लोगों से सुरक्षा एवं स्थायी शांति के लिए आगे आने की अपील की है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने एक संदेश में कहा कि संघ सभी से अपील करता है कि वे एक दूसरे के बीच विश्वास की कमी को दूर करें जो वर्तमान संकट का कारण हैं। इसके लिए दोनों समुदायों के व्यापक प्रयासों की आवश्यकता है। इसका समाधान मैतेई लोगों के बीच असुरक्षा एवं लाचारी की भावना और कुकी समुदाय की वास्तविक चिंताओं को एक साथ संबोधित करके किया जा सकता है।
पूरे घटनाक्रम को दुखद बताते हुए होसबाले ने कहा कि संघ का यह सुविचारित मत है कि प्रजातांत्रिक व्यवस्था में हिंसा और घृणा के लिए कोई स्थान नहीं है। किसी भी समस्या का समाधान आपसी संवाद और शांतिपूर्ण वातावरण में भाईचारे की अभिव्यक्ति से ही संभव है। संघ ने नागरिक समाज, राजनीतिक समूहों और आम लोगों से सुरक्षा और स्थायी शांति के लिए आगे आने की अपील की है।
संघ ने स्थानीय प्रशासन, पुलिस, सेना और केंद्रीय एजेंसियों सहित सरकार से अपील की है कि वे इस दर्दनाक हिंसा को रोकने के लिए हर संभव कदम उठाएं। साथ ही शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई के साथ-साथ विस्थापितों के बीच राहत सामग्री की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करें।
उल्लेखनीय है कि 03 मई को चुराचांदपुर में लाई हराओबा उत्सव के समय आयोजित एक विरोध रैली के बाद मणिपुर में हिंसा और अनिश्चितता का दौर शुरू हुआ था, जो अब भी जारी है। एक दिन पहले यानी शनिवार को ही राज्य में भाजपा नेताओं और मंत्रियों के घरों पर तोड़फोड़ और आगजनी की गई थी।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |