Advertisement
ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में गुरुवार को सीवरेज चैंबर में सफाई के लिए उतरे दो कर्मचारियों की दम घुटने से मौत हो गई। दोनों नगर निगम के ठेकेदार के अंडर काम करते थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित ठेकेदार को हिरासत में ले लिया है। इधर उर्जा मंत्री ने मृतकों के परिवार को 10 लाख मुआवजा और सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया है।
जानकारी अनुसार शहर के हजीरा थाना क्षेत्र के वार्ड नं 16 के रेशम मील इलाके में निगम के दो कर्मचारी दोपहर करीब 12 बजे सीवर की सफाई करने उतरे थे। इस दौरान चेंबर से गैस रिसाव के कारण दम घुटने से मौत हुई है। कर्मचारियों की मौत की खबर मिलते ही हड़कंप मचा गया। मौके पर तुरंत निगम के अधिकारी पहुंचे। मृतक कर्मचारियों के परिवार ने ठेकेदार और नगर निगम के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। नगर निगम कमिश्नर ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
वहीं मौत के बाद परिजनों के आक्रोश को देखते हुए नगर निगम और प्रशासन की टीम भी अस्पताल पहुंचे। जहां से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने आरोपी ठेकेदार को हिरासत में ले लिया है। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद ऊर्जा मंत्री प्रदुमन सिंह तोमर अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों को 10-10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और दोनों मृतकों के परिजन को नगर निगम में सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। इस आश्वासन के बाद परिजन माने और मामला शांत हुआ।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |