Advertisement
देवास। मध्यप्रदेश के देवास जिला मुख्यालय स्थित प्रसिद्ध मां चामुंडा माता की टेकरी पर शनिवार शाम को बड़ा हादसा टल गया। तेज आंधी और बारिश के चलते रोप-वे के टावर पर ट्रॉली का तार पुली से अलग हो गया, जिससे दो ट्रॉलियों में सवार छह श्रद्धालु बीच में ही फंस गए। ये करीब डेढ़ घंटे तक हवा में लटके रहे। इनमें आंध्रप्रदेश और उड़ीसा के दो परिवार में दो महिला, दो पुरूष और दो बच्चे शामिल थे। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को सकुशल नीचे उतार लिया।
जानकारी के अनुसार, आंध्रप्रदेश और ओडिशा के रहने वाले दो परिवार के 10 लोग मां चामुंडा के दर्शन के लिए देवास आए थे। शनिवार शाम को टेकरी पर जाने के लिए ये रोप वे की ट्रॉली में सवार हुए थे। परिवार के चार सदस्य तो पहले ही टेकरी पर पहुंच चुके थे। लेकिन दो ट्रॉली में सवार छह सदस्य फंस गए। चढ़ाई के दौरान ट्रॉली अचानक झटके के साथ रुक गई। जिससे श्रद्धालु घबरा गए। ट्रॉली काफी देर तक हवा में ही झूलती रही। इस दौरान तेज बारिश होती रही, जिसके चलते सभी केबिन में बुरी तरह भीग गए। बारिश के चलते रेस्क्यू में भी रोपवे कर्मचारियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में रोप वे के कर्मचारियों ने पुलिस की मदद से इनका रेस्क्यू किया।
करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद केबिन को माता टेकरी वाले हिस्से में ले जाया जा सका, जिसमें सवार सभी लोगों को सकुशल नीचे उतार लिया गया। केबिन से बाहर आते ही महिला-पुरुष एक दूसरे से लिपटकर रोने लगे। बदहवास श्रद्धालुओं को प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने ढांढस बंधाया। घटना की सूचना मिलने पर देवास में ही मौजूद एनडीआरएफ की टीम, एसडीआरएफ होमगार्ड की टीम, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और नगर निगम आयुक्त भी मौके पर पहुंच गए थे।
श्रद्धालु एमआर कृष्णा राव ने कहा कि हम दस लोग आंध्रप्रदेश और ओडिशा से आए हैं। मेरी दो बेटी है, एक आंध्रा से और एक ओडिशा से आई है। मैं पहले आ गया, लेकिन मेरी दो बेटियों समेत 6 सदस्य ट्रॉली में ही फंस गए। एक घंटे से ज्यादा समय तक फंसे रहे। हमें बचाने के लिए प्रशासन की पूरी टीम तुरंत वहां पहुंच गई और हमारे परिवार का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। हम प्रशासन को दिल से धन्यवाद देते हैं। उन्होंने सही समय पर आकर परिवार को बचा लिया। माता रानी के आशीर्वाद से मेरी 2 बेटियां बच गईं, वरना यह सब जिंदा नहीं बचते, यह माता रानी का चमत्कार है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |