Advertisement
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश के दिव्यांग खिलाड़ियों को अधिक से अधिक सुविधाएँ दी जाएंगी। इन्हें श्रेष्ठ प्रदर्शन पर प्रोत्साहन राशि के साथ शासकीय सेवाओं में प्राथमिकता, खेल क्षेत्र में आवास सुविधा, प्रशिक्षण सहित अन्य प्रोत्साहन दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में 18 जुलाई को दिव्यांग पंचायत के लिए भी तैयारियाँ प्रारंभ की जा रही हैं। इस पंचायत में प्रदेश के लगभग ढाई हजार दिव्यांग शामिल होंगे, जिनमें खिलाड़ी एवं अन्य क्षेत्रों की दिव्यांग प्रतिभाएँ शामिल होंगी। विशेष रूप से मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चों की भागीदारी का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री चौहान से मंगलवार को स्पेशल ओलंपिक भारत, नई दिल्ली की चेयरपर्सन मल्लिका नड्डा, क्षेत्रीय निदेशक दीपांकर बनर्जी और अन्य पदाधिकारियों ने मुलाकात की। मल्लिका नड्डा ने जबलपुर एवं प्रदेश के अन्य स्थानों के दिव्यांग खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए गत तीन दशक से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री चौहान ने दिव्यांग कल्याण के इन प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने उनसे भेंट करने आए दिव्यांग खिलाड़ियों को श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दी और अपने हाथों से मिठाई खिलाई।
जर्मनी के बर्लिन में 17 से 24 जून तक हो रही अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता (स्पेशल ओलंपिक) में करीब 180 देश के लगभग सात हजार मानसिक दिव्यांग खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं। स्पेशल ओलंपिक में 16 खेलों में भाग लेने के लिए भारत से 198 एथलीट और 57 कोच जाएंगे। मध्य प्रदेश से तीन महिला खिलाड़ी और चार महिला कोच इस स्पेशल ओलंपिक के लिए 6 जून को भोपाल से रवाना होंगी। मुख्यमंत्री चौहान से मुलाकात के अवसर पर कृषि मंत्री कमल पटेल और सामाजिक न्याय मंत्री प्रेम सिंह पटेल भी उपस्थित थे।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |