Advertisement
कोलार रोड स्थित ग्राम कालापानी तक लो - फ्लोर बस चलाने की मांग करीब दो साल से की जा रही है। मगर अभी तक मांग पर विचार नहीं हो सका। लिहाजा शनिवार को हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा को सड़कों पर उतरना पड़ा, वह निगम और परिवहन अधिकारियों के साथ लो-फ्लोर बस में बैठकर कालापानी पहुंचे। विधायक ने सीधे तौर कहा कि निगम वहां बसें चला रहा है, जहां सवारियां नहीं मिल रहीं हैं। ऐसी कई कॉलोनियां हैं, जहां बस सुविधा मुहैया नहीं है, जहां लोग वर्षों से बस की बाट जोह रहे हैं। दूसरी ओर निगम अधिकारियों ने कहा कि लो - फ्लोर बसें निगम सीमा तक ही चल सकती हैं। निगम अधिकारियों की गलती के कारण बीसीसीएल कंपनी को सलाना करोड़ों रुपए का घाटा उठाना पड़ रहा है, निगम को करोड़ों रुपए की चपत लग रही है। मुसाफिरों के लिए सुविधा भी नहीं मिल रही है। इसके चलते बीसीएलएल बंद होने की कगार पर पहुंच गया है।
एमएलए ने कहा कि बैरागढ़ चीचली मेन रोड पर एक दर्जन से अधिक लो-फ्लोर बसें खड़ी रहती हैं, जहां आए दिन जाम की स्थिति बनती है। सुव्यव्यस्थित बस स्टैंड के लिए दो एकड़ शासकीय जमीन उपलब्ध कराई जाएगी, जहां बसें खड़ी हो सकें।
विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि ग्राम कालापानी तक लो फ्लोर बसें चलना चाहिए, जिससे करीब एक दर्जन से अधिक गांव और दो दर्जन से अधिक कॉलोनीवासियों को इसका लाभ मिलेगा।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |