Advertisement
भोपाल। मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार तूफान मोचा जो अभी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव के क्षेत्र के रूप में था, आज अवदाब के क्षेत्र के रूप में बदलेगा। हालांकि इसका मध्यप्रदेश के मौसम पर कोई सीधा असर नहीं होगा, लेकिन प्रदेश के कई जिलों में सोमवार शाम तक बादल छा जाएंगे और धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान के पास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। उत्तर-पूर्वी राजस्थान पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बन गया है, जो आज अवदाब के क्षेत्र में बदल जाएगा। 10 मई तक अवदाब के क्षेत्र के चक्रवाती तूफान मोचा में बदलने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में हो रही इस हलचल के कारण हवाओं का रुख बदलने लगा है। रविवार के हवा का रुख पश्चिमी, उत्तर-पश्चिमी रहा।
मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सोमवार शाम तक सागर, दमोह, जबलपुर, उत्तरी बालाघाट, नरसिंहपुर, रीवा, सीधी, सिंगरौली, डिंडोरी, छिंदवाड़ा जिलों में 35 कि.मी. प्रतिघंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलेगी और गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। शहडोल, सिवनी, मंडला, अनूपपुर जिलों में 45 कि.मी. प्रतिघंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलेंगी और गरज चमक के साथ मध्यम वर्षा हो सकती है। वहीं, उमरिया, दमोह, सतना, भोपाल, विदिशा, रायसेन, बड़वानी, देवास, इंदौर और खरगोन में 25 कि.मी. प्रतिघंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलेगी और बूंदाबांदी हो सकती है।
उड़ीसा के निकट से गुजरा मोचा, तो प्रभावित होगा प्रदेश का मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मोचा अभी कम दबाव के क्षेत्र के रूप में है। इसकी दिशा अभी उत्तर-पूर्व की ओर है। वैज्ञानिकों के अनुसार सामान्य स्थिति में इस तूफान से प्रदेश के मौसम के प्रभावित होने की उम्मीद नहीं है, लेकिन अगर यह उड़ीसा तट के समीप से गुजरता है, तो इससे प्रदेश का मौसम प्रभावित हो सकता है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |