Advertisement
सूडान में फंसे भोपाल के कारोबारी जयंत केवलानी वहां से सुरक्षित निकलने के बाद सऊदी अरब के जेद्दाह पहुंच गए हैं। वे अन्य भारतीयों के जत्थे में शामिल थे। जयंत ने परिजनों को खुद की सेल्फी भी भेजी है। जयंत के सुरक्षित निकलने से परिजन खुश है और भारत लौटने का इंतजार कर रहे हैं। पिता नरेंद्र केवलानी ने बताया कि जयंत गुरुवार को भारत लौट सकते हैं। घर में उनके स्वागत की तैयारियां की जा रही है। सभी परिजन काफी खुश हैं।सूडान में मिलिट्री और पैरामिलिट्री की लड़ाई के बीच सूडान की राजधानी खार्तूम में कई भारतीय फंस गए थे। इनमें भोपाल के 23 साल का युवा कारोबारी जयंत केवलानी भी शामिल थे। जयंत चने और तूअर दाल का इंपोर्ट-एक्सपोर्ट का बिजनेस करते हैं। वह 20 अप्रैल को वापस लौटने वाले थे। तभी 15 अप्रैल को लड़ाई शुरू हो गई और जयंत फंस गए थे। खार्तूम में वे जहां रह रहे थे, ठीक उसके सामने मिलिट्री कैम्प भी था। जहां बमबारी के चलते वे दहशत में रहे। इधर, भोपाल में परिजन भी काफी चिंतित थे। वे केंद्र और राज्य सरकार से जयंत को सूडान से सुरक्षित बाहर निकालने की मांग कर रहे थे।जानकारी के अनुसार, भारतीय विदेश मंत्रालय ने 'ऑपरेशन कावेरी' के तहत सूडान में फंसे भारतीयों को बाहर निकाला है। सभी को सूडान पोर्ट से सऊदी अरब के जेद्दाह पहुंचाया गया। वहीं, एयरक्राफ्ट से भी जेद्दाह लाया गया। इन्हें एयरलिफ्ट करके भारत भी लाया जा रहा है।परिजनों ने सरकार से मांग की थी कि जयंत को जल्द सुरक्षित निकालकर भारत लाया जाए। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने भी केंद्र सरकार से मांग की थी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी लगातार प्रयास में लगे थे। सभी के प्रयासों से सूडान में फंसे भारतीयों को बाहर निकाला जा रहा है। भोपाल के जयंत भी सुरक्षित निकल गए।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |