Advertisement
नई दिल्ली। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल के निधन की खबर से राजनीति जगत में शोक की लहर है। स्व. बादल को श्रद्धांजलि देने का तांता लगा हुआ है। उनके निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अलावा उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्रियों और कई बड़े नेताओं ने शोक जताया है। इसी बीच केन्द्र सरकार ने बादल के निधन पर दो दिन का राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया है। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और कोई भी सरकारी सांस्कृतिक आयोजन नहीं होगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार देर रात ट्वीट कर प्रकाश बादल के निधन पर शोक जताया। राष्ट्रपति ने अपने शोक संदेश में कहा कि प्रकाश सिंह बादल आजादी के बाद से सबसे बड़े राजनीतिक दिग्गजों में से एक थे। देशभर में उनका सम्मान था। उनका निधन एक शून्य छोड़ देता है। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।
बादल के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी बादल के निधन पर शोक जताया। उन्होंने ट्वीट किया कि मैं बादल के निधन से बहुत दुखी हूं। बादल भारतीय राजनीति में विशाल व्यक्तित्व के नेता थे। उन्होंने राष्ट्र के उत्थान और पंजाब के विकास के लिए अथक प्रयास किये। उन्होंने कहा, "मुझे हमारी कई बातचीत याद है, जिसमें उनकी बुद्धिमत्ता हमेशा स्पष्ट रूप से झलकती थी। उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति संवेदना।
बादल के निधन पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी ट्वीट कर शोक जताया।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |