Advertisement
उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर में पुजारी और पुरोहितों सहित उनके प्रतिनिधियों के अनाधिकृत प्रवेश पर मंदिर समिति द्वारा रोक लगा दी गयी है। इसके लिये मौखिक समझाइश दी जा चुकी है और 1-2 दिन में अधिकृत पहचान पत्र जारी कर दिये जायेंगे।
उल्लेखनीय है कि महाकालेश्वर मंदिर में बाहर से आने वाले दर्शनार्थियों को गर्भगृह से दर्शन कराने के नाम पर ठगी के कई मामले लगातार सामने आये हैं। इनमें महाकाल मंदिर के पुजारी और पुरोहितों के प्रतिनिधियों के अलावा प्रतिनिधियों के एवजी भी कई मामलों में दोषी पाये गये थे। इस तरह के मामले आगे ना हों इसे देखते हुए महाकाल मंदिर समिति ने मंदिर के अधिकृत पुजारी और पुरोहितों के पहचान पत्र जारी करने का निर्णय लिया है।
महाकाल मंदिर प्रशासक संदीप सोनी के मुताबिक कलेक्टर के निर्देश पर यह प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। उन्होंने बताया कि सहायक प्रशासनिक स्तर के पदाधिकारियों ने महाकाल के सभी अधिकृत पुजारी और पुरोहितों को इसकी जानकारी दी। इसके अलावा उन्हें मौखिक रूप से भी अनाधिकृत प्रतिनिधि और उनके एवजी को मंदिर में प्रवेश प्रतिबंधित किये जाने के बारे में बताया गया।
श्री सोनी ने बताया कि आगामी 1-2 दिन में जितने भी अधिकृत पुजारी और पुरोहित हैं उन्हें पहचान पत्र मंदिर समिति की ओर से जारी कर दिये जायेंगे। इन्हें प्रवेश द्वारों पर दिखाकर ही पात्र पुजारी-पुरोहितों को प्रवेश दिया जायेगा। अनाधिकृत पाये गये व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |