Advertisement
हरदा। हरदा जिले के ग्राम रुपी परेटिया में सोमवार दोपहर अजनाल नदी में नहाने गए दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। साथ में नहा रहे दो अन्य बच्चों ने इसकी जानकारी आसपास मौजूद लाेगों को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने दोनों बच्चों को बाहर निकाला और अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने जांच उपरांत दोनाें बच्चों को मृत घोषित कर दिया। इससे पहले रविवार को ग्राम बिछोला में अजनाल नदी में ही तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई थी। पिछले दो दिनों पांच बच्चों की अजनाल नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद से ही गांव में मातम छा गया है। इधर पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
जानकारी अनुसार सदानी कम्पाउंड में रहने वाला दुर्गेश पुत्र संतोष पाटनकर (14) घर में मोबाइल गेम खेल रहा था। इसी दौरान पास ही जोशी कॉलोनी में रहने वाला उसका दोस्त अरबाज आ गया। दोनों मोबाइल चला रहे थे। तभी वे घर से निकलकर करीब 5 किलोमीटर दूर रुपी परेटिया गांव पहुंच गए। यहां वे अजनाल नदी के घाट पर अपने दो अन्य दोस्तों के साथ मिल कर नदी में नहाने चले गए थे। चारों करीब एक घंटे तक पानी में नहाते रहे। इसी दौरान दुर्गेश और अरबाज गहरे पानी में चले गए। जब उन्हें डूबते देखा तो पास में नहा रहे दोनों बच्चों ने लोगों को बुलाया। बच्चों की आवाज सुनकर वहां मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इस दौरान गांव वालों ने दोनों बच्चों को बाहर निकाल लिया और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। उन्हें अस्पताल लाया गया लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सिविल लाइन थाना हरदा में पदस्थ एसआई एसएल मालवीय ने बताया कि डायल 100 के माध्यम से 2 बच्चों को लाया गया था। उनकी डूबने से मौत हो गई। जानकारी मिली है कि नदी में नहाते समय घटना हुई है। जांच की जा रही है। दोनों बच्चों की मौत के बाद ही गांव में मातम का माहौल है। उनके परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मृतक बच्चे दुर्गेश के पिता संतोष पाटनकर का 8 माह पहले ही निधन हुआ था। वह 3 भाई बहनों में सबसे छोटा था। जबकि अरबाज के पिता आरिफ बेल्डिंग कार्य करते हैं। 10 वर्षीय अरबाज 2 भाई बहनों से सबसे छोटा था।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |