Advertisement
भोपाल। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले को जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन में देश में सर्वोत्तम प्रदर्शन के लिए प्रधानमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार मिलने की सबसे ज्यादा खुशी जिले की महिलाओं को हुई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में सिविल सेवा दिवस पर गरिमापूर्ण समारोह में बुरहानपुर जिले की कलेक्टर भव्या मित्तल को प्रधानमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया।
जनसम्पर्क अधिकारी अवनीश सोमकुंवर ने बताया कि बुरहानपुर जिले ने जल जीवन मिशन से हर घर में नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाने की अभूतपूर्व और गौरवपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की है। बुरहानपुर को देश में पहला हर घर जल सर्टिफाइड जिला बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। हर गांव में पानी पहुंचा कर बुरहानपुर ने देश को एक नई दिशा दिखाई है। जल जीवन मिशन में अब तक प्रदेश के 51 लाख 15 हजार से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराया गया है। सभी 254 गांव में “हर घर जल” योजना से पानी पहुंचाया जा रहा है। ये गांव “हर घर जल” प्रमाणित हुए हैं। यह सरकार और नागरिकों के परस्पर सहयोग एवं समन्वय का परिणाम है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विकास कार्यक्रमों और प्रक्रियाओं में नवाचार को निरंतर प्रोत्साहित किया है।
प्रधानमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार बुरहानपुर की महिलाओं के लिए अनूठे उपहार से कम नहीं है। जिला मुख्यालय से 8 किलोमीटर दूर बहादरपुर गांव की रेखा सुरेश सोनी अपने कठिन समय को याद करते हुए बताती हैं कि वे वर्ष 2000 में इस गांव में बहू बन कर आई थीं। पानी की परेशानी के कारण इस गांव में कोई रिश्ता करने को तैयार नहीं होता था। बहुत दूर से पानी लाना पड़ता था। अभी शिवराज जी और मोदी जी के प्रयासों से हमारे गांव में भरपूर पानी आने लगा है। पूरा गांव भी हरा-भरा हो गया है। सबको साफ पानी मिल रहा है। स्वास्थ्य की समस्याएं भी कम हो रही हैं। पहले पानी लाने में जो समय जाता था अब हम अपने दूसरे कामों में लगा रहे हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने हमारे लिए बहुत अच्छा काम किया है।
इसी गांव की दीपिका श्याम सोनी बताती हैं कि गांव में पानी से संबंधित बहुत सारी परेशानियां थीं। नई बहुओं को भी दूर कुओं से पानी लाना पड़ता था। अब पानी मिलने से हमारी बड़ी समस्या खत्म हो गई है।
जिला मुख्यालय से 17 किलोमीटर दूर बम्भाड़ा ग्राम पंचायत की सरपंच सविता प्रमोद सागर ने प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने बताया कि हमारे यहां पानी की बहुत समस्या थी। अब हमें भरपूर पानी मिल रहा है। हर घर में पानी पहुंच गया है। सरकार ने पानी की बहुत अच्छी व्यवस्था हमारे गांव में की है। हम सब गांव वालों और ग्राम पंचायत की तरफ से मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री का बहुत आभार मानते हैं। इसी गांव की प्रियंका खड़से बताती हैं कि रोज चिंता रहती थी कि सुबह पानी भरने जाना है। कई कामकाजी महिलाएं पानी भरने के कारण काम पर जाने में लेट हो जाती थीं। अब कई काम आसान हो गए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को बुरहानपुर कलेक्टर भव्या मित्तल को प्रधानमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया। भव्या मित्तल को पांच महीने पहले ही राज्य शासन ने बुरहानपुर की कलेक्टर बनाया था। दिल्ली में जन्मी भव्या 2014 बैच की आईएएस हैं। इससे पहले वे नीमच में जिला पंचायत सीईओ, एसडीएम धार रहीं। बुरहानपुर आने से पहले वह अपर आयुक्त के रूप में नगर निगम इंदौर में पदस्थ थीं। उन्हें पहली बार किसी जिले का कलेक्टर बनाया गया है। भव्या से पहले प्रवीण सिंह बुरहानपुर के कलेक्टर थे और उनके कार्यकाल में ही जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत सौ प्रतिशत घरों में नल से जल पहुंचाने की उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |