Advertisement
ग्वालियर। हिमालय में आए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गुरुवार-शुक्रवार की रात में ग्वालियर-चंबल संभाग में चुनिंदा स्थानों पर हुई हल्की बारिश के बाद मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान भी कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है।
स्थानीय मौसम विज्ञानी सीके उपाध्याय के अनुसार वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ हिमालय से गुजर रहा है। इसके प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान में एक चक्रवात भी बना हुआ है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से गुरुवार शुक्रवार की रात में ग्वालियर-चंबल संभाग में कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश तो कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। इस दौरान ग्वालियर में 0.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि ग्वालियर शहर के नजदीक शीतला माता मंदिर के आसपास के क्षेत्र में काफी तेज बारिश हुई। इन मौसम प्रणालियों का असर अगले 24 घंटे तक बना रहने की संभावना है। इस दौरान भी संभाग में कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इसी क्रम में दो अपै्रल को हिमालय में एक और नया पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना जताई जा रही है। इसके प्रभाव से तीन अप्रैल को फिर से बादल आ सकते हैं और चार अप्रैल को संभाग में कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है।
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की अपेक्षा शुक्रवार को अधिकतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 4.3 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान भी 2.4 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.5 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 75 और शाम को 44 प्रतिशत दर्ज की गई।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |