Advertisement
मध्यप्रदेश के खरगोन में बीते साल रामनवमी पर हुए दंगों के बाद इस बार माहौल थोड़ा अलग है। यहां शहरवासियों में हुए संवाद सामंजस्य से माहौल बदला हुआ है। गुरुवार को रामनवमी पर दोपहर 2 बजे शोभायात्रा निकाली गई। इसमें 10 हजार से ज्यादा लोग शामिल हुए। प्रशासन ने 3 किलोमीटर के रूट में एक हजार से ज्यादा जवानों को तैनात किया था।शोभायात्रा की शुरुआत भोला चौक बस स्टैंड स्थित मंदिर से हुई। दो घंटे बाद यात्रा तालाब चौक पहुंची। यह वहीं क्षेत्र है जहां पिछले साल सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगड़ने की शुरुआत हुई थी। इस बार यहां मुस्लिम समाज के लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया है।एसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि सभी आयोजन समितियों के साथ ही शहर और गांव के वरिष्ठ नागरिकों से चर्चा की गई थी। आयोजन के समय और रूपरेखा को लेकर डिटेल में हर बिंदु पर चर्चा हुई। शहर में पूर्व में भी हुए धार्मिक आयोजनों में एक समुदाय ने दूसरे समुदाय का स्वागत किया है। ऐसे ही आने वाले त्योहारों के दौरान शहर और जिले में भी समरसता दिखाई देगी। सभी आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से निपटेंगे।एसपी सिंह ने बताया कि वह दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी। आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों ने मौके का फायदा उठाकर घटना को अंजाम दिया। अधिकांश आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। वे जेल में हैं। कुछ पर जिला बदर की कार्रवाई भी की गई है। पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहने वाले आरोपियों का डाटाबेस भी तैयार किया है। जिन पर लगातार कार्रवाई भी की जा रही है।शोभायात्रा की शुरुआत दांगी मढ़ी (भोला चौक) मंदिर से दोपहर दो बजे हुई। इसके बाद शोभायात्रा तालाब चौक, गडरिया मंदिर, टवड़ी चौक, काला देवल मंदिर, गणेश मंदिर, किला गेट, सराफा बाजार, पोस्ट ऑफिस चौराहा, श्रीकृष्ण टॉकीज, बिस्टान रोड तिराहा से होते हुए अंत में बस स्टैंड पर स्थित श्रीराम मंदिर में पहुंची। महाआरती के साथ इसका समापन हुआ। शोभायात्रा के मार्गों पर जगह-जगह नगर के अनेक सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा पुष्पमाला व फूलों आदि से स्वागत करते हुए सेवा स्टॉल लगाए गए।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |