Advertisement
ग्वालियर। अपनी रबी फसलों की सुरक्षा को लेकर चिंतित किसानों के लिए फिलहाल राहत की खबर है। अगले पांच दिन तक मौसम शुष्क रहेगा, धूप निकलेगी और तापमान में वृद्धि होगी लेकिन 31 मार्च को मौसम फिर से बिगड़ सकता है और अपै्रल के पहले दिन कहीं बारिश तो कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है।
विगत 14 से 24 मार्च तक मौसम विपरीत रहा। इस दौरान ग्वालियर-चंबल संभाग में कहीं बारिश तो कहीं ओलावृष्टि हुई। जिससे किसानों की रबी फसलों को काफी नुकसान पहुंचा लेकिन शनिवार को मौसम लगभग साफ रहा।
स्थानीय मौसम विज्ञानी सीके उपाध्याय ने बताया कि वर्तमान में हिमालय से पश्चिमी विक्षोभ गुजर रहा है। राजस्थान के दक्षिण-पश्चिम भाग में चक्रवात बना हुआ है। छत्तीसगढ़ के दक्षिण भाग से निम्न दबाव की रेखा गुजर रही है। हालांकि इन मौसम प्रणालियों का प्रभाव पूर्वी मध्यप्रदेश तक सीमित रहेगा लेकिन ग्वालियर-चंबल संभाग में फिलहाल आंशिक से मध्यम बादल नजर आ सकते हैं। हालांकि अगले पांच दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है। इसी बीच 30 मार्च को हिमालय में एक और ताजा पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है जो अभी अफगानिस्तान में मौजूद है। ग्वालियर-चंबल संभाग में इसका असर 31 मार्च से 1 अप्रैल के मध्य नजर आ सकता है। इस दौरान अंचल में कुछ क्षेत्रों में बारिश तो कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है।
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की अपेक्षा शनिवार को अधिकतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम है जबकि न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 2.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 72 और शाम को 39 प्रतिशत दर्ज की गई।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |