Advertisement
भोपाल। प्रदेश में दिन-रात के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आया है। राजगढ़ और खरगोन में दिन का तापमान सबसे ज्यादा तो नर्मदापुरम, सागर और टीकमगढ़ की रात सबसे गर्म रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में अगले दो दिन और तेज गर्मी का असर रहेगा। इसके बाद 14-15 मार्च से फिर बारिश, ओले और तेज आंधी का नया सिस्टम सक्रिय हो जाएगा।
तीन से 10 मार्च के बीच साउथ वेस्ट राजस्थान में प्रेरित चक्रवात बना था। उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हुआ था। इस कारण वेदर एक्टिविटी हुई। साउथ कोंकण से लेकर सेंट्रल छत्तीसगढ़ तक ट्रफ लाइन गुजरने से सिस्टम और मजबूत हो गया। इसी की वजह से लगातार छह दिन तक प्रदेश में बारिश के साथ ओले गिरे और तेज आंधी भी चली। यह सिस्टम खत्म होने के दूसरे दिन ही गर्मी का असर बढ़ गया। मौसम वैज्ञानिक वहीद खान के अनुसार रविवार और सोमवार को भी गर्मी का असर रहेगा। खासकर रात का तापमान बढ़ेगा। शनिवार को भी तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार राजधानी भोपाल में रविवार को तेज गर्मी का असर रहेगा, जबकि सोमवार से मौसम बदलेगा और बादल छा जाएंगे, जिससे तेज गर्मी से राहत मिलेगी। इसके बाद 18 मार्च तक बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है। बदले मौसम के बावजूद दिन का तापमान 33 और रात का पारा 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रहेगा।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |