Advertisement
देश के बारह ज्योतिर्लिंग में महाकालेश्वर पहला होगा, जहां श्रद्धालु एक साथ 20 कतार में दर्शन कर सकेंगे। इसके लिए काम भी शुरू हो गया है। मंदिर प्रशासक के मुताबिक दीपावली से पहले श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिलने लगेगा। फिलहाल देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बैरिकेड्स के पीछे से दस कतार में दर्शन करवाए जाते हैं।मंदिर प्रबंध समिति ने जो व्यवस्था की है, उसमें सामान्य श्रद्धालुओं को गणेश और कार्तिकेय मंडपम से पांच-पांच कतार में लगकर दर्शन करवाते हैं। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर गणेश मंडपम के दर्शन रोककर केवल कार्तिकेय मंडपम से ही दर्शन करवाए जाते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए इंतजार करना पड़ता है।नागपंचमी पर 24 घंटे में 6 लाख और महाशिवरात्रि पर 44 घंटे में 15 लाख श्रद्धालु महाकालेश्वर के दर्शन के लिए आए थे। ऐसे में मंदिर प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। सिंहस्थ-2028 में एक साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने का अनुमान लगाया जा रहा है। ऐसे में श्रद्धालुओं को आसानी से दर्शन करवाने के लिए गर्भगृह के सामने वाले परिसर का विस्तार किया जा रहा है।नवग्रह मंदिर और गणेश मंडपम के बीच की दीवार को हटाकर वहीं से श्रद्धालुओं को कतार में लगाया जाएगा। 10 कतार में श्रद्धालु गणेश मंडपम से और 10 कतार में कार्तिकेय मंडपम से दर्शन कर सकेंगे। एक साथ 20 कतार में श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |