Video

Advertisement


विकास यात्रा के समापन में शामिल हुए मुख्यमंत्री
bhopal, Chief Minister, Vikas Yatra

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लाड़ली बहना योजना सामाजिक क्रांति है, जो मध्यप्रदेश की धरती से प्रारंभ हुई है। यह योजना बहनों की जिंदगी बदलने का अभियान है। योजना से गरीब महिलाओं के सशक्तिकरण के लिये मेरे द्वारा की गई तपस्या पूरी होगी।

मुख्यमंत्री चौहान रविवार को सीहोर और रायसेन जिले के सीमावर्ती बकतरा में प्रदेश में पांच फरवरी से शुरू हुई विकास यात्रा के समापन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बेटियों और बहनों की जिंदगी बदलने का यह महायज्ञ है, जो उनके युवावस्था के आंदोलनों और बेटा-बेटियों को समान मानने की सोच से उभरा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के प्रति सम्मान बढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए कन्या विवाह/निकाह और लाड़ली लक्ष्मी जैसी अनेक योजनाओं को लागू किया गया। इन योजनाओं का कमाल है कि आज गरीब के घर में बेटी लखपति पैदा होती है और अब बेटी की पहचान वरदान के रूप में होती है।

मुख्यमंत्री ने हजारों की संख्या में महिलाओं के कार्यक्रम में शामिल होने को क्रांति बताया और हजारों बहनों द्वारा उन्हें दी गई रखियों के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना से उनका भाई शिवराज अपनी बहनों को हर महीने 1000 रुपये भेजेगा। इससे महिलाओं की घर और समाज में इज्जत बढ़ेगी। उन्होंने बकतरा में सीएम राइज स्कूल खोलने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि आज बुधनी क्षेत्र में कोई खेत सिंचाई और कोई भी गाँव बिना सड़क के नहीं है। उन्होंने बकतरा के अनेक गाँव को जोड़ने वाले कई मार्गों का भूमि-पूजन भी किया। उन्होंने कहा कि 20 साल पहले बुधनी हर क्षेत्र में पिछड़ा था। पिछली 15 माह की सरकार द्वारा गाँव, गरीब और वंचितों की योजनाओं को बंद कर आमजन के साथ कुठाराघात किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए संकल्पित है।

चौहान ने कहा कि वे मुख्यमंत्री नहीं अपने प्रदेश के हर परिवार के सदस्य है। मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान के बाद हुई विकास यात्रा सेवा का संकल्प था। करोड़ों रूपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास प्रदेश को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि विकास यात्रा में करोड़ों लोगों को योजनाओं का लाभ मिलना सुनिश्चित किया गया है। यदि कोई पात्र व्यक्ति रह गया है तो उसे चिन्हित कर लाभान्वित किया जायेगा। उन्होंने सीहोर जिले में विकास यात्राओं में एक लाख 30 हजार लोगों के बीमा और स्कूलों में स्मार्ट क्लास बनाने की पहल पर जिला प्रशासन की प्रशंसा भी की।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक लाख से अधिक सरकारी नौकरी दिए जाने की प्रक्रिया जारी है। अब प्रदेश के बच्चे मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई हिंदी में भी कर सकेंगे। शासकीय विद्यालय के बच्चों को मेडिकल में प्रवेश के लिए आरक्षण देने का प्रावधान किया जायेगा। राज्य सरकार अब बुजुर्गों को हवाई जहाज से तीर्थ-यात्रा भी करवाएगी। उज्जैन में श्रीमहाकाल महालोक की तर्ज पर अब सलकनपुर मंदिर में भी देवी महालोक बनाया जा रहा है जिसमें भक्तों को माता के सभी रूपों के दर्शन होंगे।

मुख्यमंत्री को महिलाओं ने लिखी पाती

 

मुख्यमंत्री चौहान द्वारा रक्षाबंधन पर प्रदेश की बहनों को "लाड़ली बहना" योजना उपहार के रूप में देने के लिए बुधनी क्षेत्र की तीन हजार से अधिक बहनों ने पाती लिख कर आभार व्यक्त किया। भैया के नाम लिखी गई बहनों की पाती को कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री ने बहनों की पाती पढ़ी और धन्यवाद दिया।

उन्होंने बकतरा में विकास यात्रा के प्रदेशव्यापी समापन में बुधनी विधानसभा में 118 करोड़ रुपये से अधिक के निर्माण एवं विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने बकतरा में 23 लाख 43 हजार रुपये की लागत से बने पुलिस चौकी भवन का लोकार्पण भी किया।

Kolar News 26 February 2023

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.