Advertisement
राज्य शासन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में जनसेवा का कार्य कर रहा है। राज्य शासन का ध्येय जनता की सेवा है। अपने दायित्वों का निर्वाह राज्य शासन द्वारा बखूबी किया जा रहा है। विकास के कार्यों को लगातार अंजाम दिया जाता रहेगा। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने यह बात रतलाम में विकास कार्यों के भूमि-पूजन कार्यक्रम में कही। मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने रतलाम में 1536 लाख 35 हजार रुपए लागत के शहर के विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। उन्होंने रतलाम शहर विकास के लिए 200 करोड़ रुपए राशि स्वीकृति की। सिंह ने कहा कि शहर के विकास के लिए राशि की कमी नहीं आने दी जाएगी। आप जितना चाहेंगे उससे अधिक राशि मुख्यमंत्री चौहान द्वारा दी जाएगी। मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि 2024 तक सभी आवासहीनों को आवास उपलब्ध करा दिया जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अन्तर्गत 9 लाख आवास बनाने के लक्ष्य के तहत अब तक 6 लाख आवास निर्मित किये जा चुके हैं, इस कार्य में मध्यप्रदेश नम्बर वन है।
मंत्री सिंह ने विधायक चेतन्य काश्यप के रतलाम नगर को महानगर बनाने के विजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि विधायक काश्यप तथा महापौर प्रहलाद पटेल की मांग अनुसार शहर में विकास कार्यों के लिए 200 करोड रुपए की सौगात दी जायेगी, इसमें अमृत मिशन में 136 करोड़ रुपए तथा स्वच्छ भारत मिशन कार्यों के लिए 17 करोड़ रुपए सम्मिलित है। उन्होंने कहा कि कालोनियों के नियमितीकरण के लिए विधायक चेतन्य काश्यप द्वारा लगातार बात की गई तो राज्य शासन ने काश्यप की अध्यक्षता में एक कमेटी बना दी। कमेटी की अनुशंसा अनुसार शासन ने विधानसभा में कानून पारित करके लागू कर दिया है। रिडेंसीफिकेशन पालिसी में हमने सड़कों को भी शामिल किया है। अवैध एवं अविकसित कालोनियों को बनाने एवं विकसित करने के लिए जितनी भी राशि की जरुरत होगी, दी जाएगी। प्लाटों के विभक्तिकरण एवं जलापूर्ति के सम्बन्ध में भी समाधान निकाला जाएगा।
सांसद गुमान सिंह डामोर ने कहा कि रतलाम शहर में तेजी से विकास हो रहा है। नगर महानगर बनने की ओर अग्रसर हो रहा है। विधायक चेतन्य काश्यप लगातार शहर की समृद्धि के लिए कार्य कर रहे हैं। विधायक चेतन्य काश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार शहर के नागरिकों की सुविधा के लिए हरसंभव संसाधन एवं सुविधाएँ उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा संजीवनी क्लीनिक प्रारंभ किए गए हैं। नगर में 10 संजीवनी क्लीनिक बनाए जाएंगें, नागरिकों को अपने घर के नजदीक ही निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। विधायक दिलीप मकवाना ने विधायक श्री चेतन्य काश्यप के नेतृत्व में रतलाम नगर में तेजी से किये जा रहे विकास कार्यो की प्रशंसा करते हुए कहा कि रतलाम नगर को महानगर बनाया जाना है। महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि नवीन परिषद के 100 दिवस पूर्ण हो चुके हैं, इन 100 दिवसों में परिषद द्वारा 21 करोड़ से अधिक की राशि के विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया जा चुका है और आज रविवार को 15 करोड़ से अधिक की राशि के विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया गया है। निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा ने कहा कि विधायक श्री काश्यप के कार्यकाल में नगर ने विकास की रफ्तार पकड़ी है, जो दिन प्रतिदिन तेज होती जा रही है। अब वह दिन दूर नहीं जब रतलाम महानगर कहलाएगा। इस दौरान स्थानीय जन-प्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे।
Kolar News
14 November 2022
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.
Created By: Medha Innovation & Development
|