Advertisement
रतलाम। जिले केे पिपलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम ऊपरवाड़ा मगरे पर बीती रात युवती से बात करने लेकर हुए विवाद के दौरान एक युवक ने दूसरे युवक को चाकू मार दिया। इससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित युवक व उसका साथी भाग गए, पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार 20 वर्षीय सुरेंद्रसिंह उर्फ राजवीर पुत्र गंभीरसिंह पंवार निवासी ग्राम लुहारी थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा की दोस्ती इंस्ट्राग्राम पर एक युवती से हुई थी। युवती के दूसरे दोस्त आरोपित गोपाल को इसकी जानकारी मिली तो उसने सुरेंद्रसिंह से विवाद किया। शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे गोपाल और उसका एक साथी सुरेंद्रसिंह के पास पहुंचे और बात करने के लिए बाइक पर बैठाकर ग्राम उपरवाड़ा के मगरे पर ले गए। वहां उनके बीच विवाद की स्थिति बन गई।
गोपाल ने कहा कि वह (सुरेंद्र सिंह) युवती से बात नहीं करेगा, क्योंकि वह उस युवती से प्रेम करता है। सुरेंद्र सिंह ने उसकी बात नहीं मानी और कहा कि वह तो युवती से बात करेगा। इसी बीच गोपाल ने जेब से चाकू निकालकर सुरेंद्रसिंह के पेट पर मार दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जावरा के सरकारी अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां शनिवार सुबह सात बजे सुरेंद्रसिंह ने दम तोड़ दिया।
पिपलौदा थाना पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र सिंह की युवती से इंस्ट्राग्राम पर दोस्ती हुई थी। सुरेंद्र उससे बात करता था, यह बात आरोपित गोपाल को पता चली तो गोपाल ने सुरेंद्र को युवती से बात नहीं करने से मना किया। सुरेंद्र के मना करने पर उसे चाकू मार दिया। पहले धारा 307, 34 में प्रकरण दर्ज किया था। सुरेंद्र की मौत के बाद अब प्रकरण धारा 302 लगाई जाएगी। पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंप दिया गया है। आरोपितों की तलाश जारी है, शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Kolar News
2 April 2022
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.
Created By: Medha Innovation & Development
|