Video

Advertisement


धूमधाम से मनाई जा रही महाशिवरात्रि महाकाल के दरबार में उमड़ा भक्तों का सैलाब
bhopal,Devotees throng, court of Mahashivratri ,Mahakal , great pomp
भोपाल। देशभर के साथ मप्र में महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के प्रमुख शिव मंदिरों और शिवालयों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। देर रात से मंदिरों के बाहर भीड़ देखने को मिल रही है। मंदिरों के बाहर लंबी कतारें नजर आ रही हैं। बच्चे हों या बुजुर्ग सभी भगवान भोलेनाथ के दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं। महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिरों की फूलों से विशेष साज सज्जा की गई है। सुबह से भक्त भगवान भोलेनाथ को दूध और बेलपत्री चढ़ाकर मनोकामना पूरी होने का आशीर्वाद मांग रहे हैं। देश के प्रमुख मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए कड़े सुरक्षा इंतजाम भी किए गए हैं। मंदिरों में भगवान भोले का खास श्रृंगार भी किया गया है। कहीं उन्हें नवीन वस्त्रों के साथ, आभूषण और फूलों से सजाया है, वहीं कहीं बाबा भोलेनाथ अपने औघड़ अंदाज में नजर आ रहे हैं।
 
उज्जैन के महाकाल ज्योतिर्लिंग में महाशिवरात्रि के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। लाखों की संख्या में लोग बाबा महाकाल के दर्शन-पूजन के लिए मंदिर परिसर में एकत्रित हुए हैं। उज्जैन के प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में रात 2.30 बजे से मंदिर के पट खुल गए थे और भस्मारती के बाद सुबह 4.30 बजे से दर्शन शुरू हो गए हैं। इस दौरान भगवान शिव को दूल्हे के रूप में सजाया गया है। महाकालेश्वर में गर्भगृह में प्रवेश बंद रखा गया है। 22 फरवरी को सुबह सेहरा दर्शन होंगे। इसी दिन दोपहर 12 बजे भस्म आरती होगी। साल में एक बार ही भस्म आरती दोपहर में होती है। यह क्रम 22 फरवरी को रात 10.30 बजे होने वाली शयन आरती तक जारी रहेगा। इस दौरान 43 घंटे भक्तों के लिए बाबा महाकाल का दरबार खुला रहेगा। मंदिर के गर्भगृह में भगवान महाकाल की पूजा अर्चना का क्रम चलता रहेगा। 
 
महाशिवरात्रि को लाखों की संख्या में पहुंचे भक्तों को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने गर्भगृह में जाकर दर्शन करने पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। हालांकि यह केवल आज के लिए किया गया है। बाद के दिनों में श्रद्धालु गर्भगृह में जाकर दर्शन कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने मंदिर समिति के सहयोग से श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रबंध किया है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा मंदिर समिति के लोग भी श्रद्धालुओं के सहयोग के लिए जगह-जगह पर तैनात हैं। अतिवृद्ध व दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए व्हील चेयर की सुविधा उपलब्ध है।
Kolar News 21 February 2020

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.