Video

Advertisement


कांग्रेस झूठ बोलकर ही करती रही है राजः मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
chindwara, Congress , Dr. Mohan Yadav

छिंदवाड़ा। जिस तरह से कांग्रेस सिर्फ एक ही परिवार की जागीर बनकर रह गई है, उसी तरह से छिंदवाड़ा को भी एक ही परिवार ने अपनी 45 साल से गुलामी की जंजीरों में जकड़ रखा है, लेकिन अब छिंदवाड़ा की जनता समझ गई है कि अच्छा- बुरा क्या है। कमलनाथ कहते हैं कि वे छिंदवाड़ा में 45 वर्षों से तपस्या कर रहे हैं, लेकिन वे छिंदवाड़ा के लिए तपस्या नहीं कर रहे हैं, बल्कि वे तो यहां के लिए समस्या बन गए हैं। कांग्रेस तो हमेशा से झूठ बोलकर ही राज करती रही है। झूठ बोलना तो इनके खून में ही शामिल है।

 

 

यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी विवेक साहू के समर्थन में दमुआ, जुन्नारदेव, परासिया के चांदामेटा में रोड शो एवं जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा आकर इतना आनंद आ रहा है, मन इतना खुश है और लग रहा है कि हमारी तो रामनवमीं, होली, दीवाली सब बन गई है।

 

उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा में 45 वर्षों से फैले कीचड़ में इस बार कमल का फूल खिलता दिखाई दे रहा है। छिंदवाड़ा आकर और आप सभी को देखकर ऐसा लग रहा है कि कोई बड़ा समुद्र हिलोरे ले रहा हो। सबकी उपस्थिति से निश्चित रूप से इस बार छिंदवाड़ा में कमल का फूल ही खिलेगा। अब छिंदवाड़ा की जनता सब समझ गई है कि उन्हें अब तक झूठ बोलकर पागल बनाया जाता रहा है। वे क्यों जीवनभर किसी के गुलाम बनकर रहे। वे भी गुलामी से बाहर आना चाहते हैं। कमलनाथ कहते हैं कि वे 45 वर्षों से छिंदवाड़ा का विकास कर रहे हैं, लेकिन यहां की 35 खदानें बंद हो गईं हैं। रहने के लिए क्वार्टर नहीं हैं। छिंदवाड़ा और प्रदेश की जनता ने वर्ष 2018 में कांग्रेस को मौका दिया। 15 माह तक सरकार रही, लेकिन मुख्यमंत्री रहते कमलनाथ यहां की खदानों को चालू नहीं करा सके। अब यह कलंक किसके माथे पर है।

 

 

इन्हें उठाते-उठाते लोगों के कंधे टूट गए

मुख्यमंत्री ने कहा कि छिंदवाड़ा के लोगों के 45 सालों में इन्हें उठाते-उठाते कंधे तक टूट गए हैं, लेकिन इन्होंने उन लोगों की सुध तक नहीं ली। क्या छिंदवाड़ा में एक ही परिवार है, जिसको राजनीति करने का अधिकार है? भाजपा में परिवारवाद नहीं चलता है, यहां पर कार्यकर्ताओं को भी उनका अधिकार मिलता है। वे छिंदवाड़ा की जनता से झूठ बोलकर पहले खुद सांसद बनते रहे, फिर परिवारवाद शुरू कर दिया।

 

 

कांग्रेस झूठ बोलकर वर्षों तक आपस में लड़ाती रही

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग वर्षों तक झूठ बोलकर देश-प्रदेश में राज करते रहे। ये झूठ बोलकर सरकार बनाते रहे। आजादी के समय इन्होंने हिन्दुस्तान-पाकिस्तान का बंटवारा करवाया। आजादी के बाद मंदिरों के नाम पर हिन्दू-मुसलमानों को लड़ाते रहे। वर्षों से हमारे देश में भी मंदिरों में नामों पर हिन्दू-मुसलमानों को लड़ाते रहे। हमारे देश में तो राम और रसखान की पुरानी परंपरा थी, लेकिन कांग्रेस के लोग तो हमारे आराध्य श्रीराम मंदिर पर ही प्रश्न खड़ा करते रहे। वे कहते रहे कि श्रीराम मंदिर बनेगा तो देश के हालात बिगड़ जाएंगे, दंगे होंगे, लेकिन सबने देखा कि आज श्रीराम मंदिर बनकर तैयार भी हो गया। पिछले 10 वर्षों में एक बार भी दंगा या देश में ऐसे हालात नहीं पैदा हुए, जिससे किसी को कोई परेशानी आए। कांग्रेस के लोग चिल्लाते थे कि देश में यदि मोदीजी आएंगे तो देश की हालात बिगड़ जाएगी, लेकिन आज देश की हालत दुनिया के नक्शे में शक्तिशाली, समृद्धशाली, वैभवशाली देश की हो गई है।

 

 

अब गरीबों के लिए भी मिलेगा हेलीकाप्टर

मुख्यमंत्री ने कहा कि छिंदवाड़ा से भी एक हेलीकाप्टर उड़ता है, लेकिन वह हेलीकाप्टर किसी गरीब के लिए नहीं उड़ता है। वह हेलीकाप्टर तो छिंदवाड़ा के लोगों की कमाई से उड़ता है, लेकिन अब गरीबों के लिए भी हेलीकाप्टर की व्यवस्था देश और प्रदेश की भाजपा सरकार कर रही है। हमारी सरकार ने निर्णय लिया है कि यदि किसी गरीब को बीमार होने, एक्सीडेंट होने पर एयर एम्बुलेंस की जरूरत पड़ेगी तो उसे सरकार एयर एम्बुलेंस से बड़े शहर के अस्पताल तक छोडने का काम करेगी। गरीबों का यह दर्द गरीबी देखने वाला ही समझ सकता है। ऐसी गरीबी हमारे प्रधानमंत्री मोदी ने भी देखी है। उन्होंने भी रेलवे स्टेशन पर चाय बेची है।

 

 

कांग्रेसी भाजपा को मुस्लिम विरोधी बताते हैं

डॉ यादव ने कहा कि कांग्रेस के लोग हमेशा से फूट डालो शासन करो की नीति अपनाते रहे हैं। भाजपा का तो लक्ष्य ही सबका साथ सबका विकास करना है। कांग्रेस के लोग भाजपा को हमेशा से मुस्लिम विरोधी बताते रहे हैं, लेकिन उन्हें यह नहीं दिखता है कि भाजपा हमेशा से सभी देशवासियों को एक ही मानती है। भाजपा ने ही देश के मिसाइलमैन डॉ एपीजे अब्दुल कलाम साहब को राष्ट्रपति बनाया था। दूसरी बार भी उन्हें राष्ट्रपति बनाने की तैयारी थी, लेकिन कांग्रेस के लोगों ने उसमें अड़ंगा लगा दिया। कांग्रेस की तो हमेशा से ही भाजपा के अच्छे कामों में अड़ंगा लगाने की आदत सी बन गई है। अब कांग्रेस की इन्हीं हरकतों से उनके कार्यकर्ता, नेता खुद पार्टी छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग फिर से लालच देंगे, लेकिन अब इनके लालच में नहीं आना है और छिंदवाड़ा में फैले कीचड़ में कमल का फूल खिलाना है।

 

 

हेलीकाप्टर में उड़ने वाले हवा में उड़ जाएंगे

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस बार मौसम बदल रहा है। इस बार हेलीकाप्टर में उड़ने वाले हवा में उड़ जाएंगे और जमीन पर रहने वाले यहां झंडा गाड़ेंगे। इस बार छिंदवाड़ा की जनता ने तय कर लिया है कि आजादी के बाद पहली बार यहां पर लड़ाई स्थानीय और बाहरी की होगी। जनता इस बार स्थानीय को ही सांसद बनाएगी।

 

 

रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री का हुआ भव्य स्वागत

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाडा के दमुआ, जुन्नारदेव एवं परासिया में रोड शो कर जनसभा को संबोधित किया। रोड शो के दौरान क्षेत्रीय जनता ने मुख्यमंत्री का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन भी किया। रोड शो में हर तरफ मोदीमय नजारा देखने को मिला। मुख्यमंत्री के रथ पर घरों से फूलों की बारिश होती रही। हर घर में भाजपा का झंडा लहराता दिखाई दिया।

 

Kolar News 11 April 2024

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.