Video

Advertisement


मुख्यमंत्री मोहन बोले- मप्र में कोई भी योजना बंद नहीं होगी
bhopal, Chief Minister Mohan , Madhya Pradesh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने विधानसभा में कहा कि कोई भी योजना बंद नहीं होगी। हमारे पास सभी योजनाओं के लिए पर्याप्त धन राशि है। तय तारीख पर लाडली बहना योजना की राशि डाली जा रही है।

दरअसल, डॉ मोहन यादव गुरुवार को सदन में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान संबोधित कर रहे थे। इस पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने टोकते हुए कहा कि लाडली बहना योजना पर कानून बना दें। इस पर मुख्यमंत्री ने कोई जवाब नहीं दिया। मप्र की 16वीं विधानसभा के चौथे और अंतिम दिन मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब प्रस्तुत किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष के सदस्यों की आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा कि सरकार की कोई योजना बंद नहीं होगी। इसे लेकर अनावश्यक डर है।

 

 

उन्होंने कहा कि लाडली लक्ष्मी से लेकर कोई भी योजना बंद नहीं होंगी। योजनाओं के लिए पर्याप्त धन राशि रखी गई है। नियत तारीखों पर लोगों के खाते में राशि डालती जा रही है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र हमारे लिए धर्मग्रंथ की तरह है। देश-प्रदेश और भारतीय सनातन संस्कृति का मान दुनिया में बढ़े, इसके लिए भी लगातार काम करना चाहिए।

 

 

मुख्यमंत्री ने इस दौरान कांग्रेस पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि मैं सौभाग्यशाली हूं कि इतने वरिष्ठ नेताओं के साथ हूं। कांग्रेस में युवाओं को ठोकर खाने के बाद ध्यान रखते हैं। हमारी पार्टी पहले रख लेती है। चाय बेचने वाले प्रधानमंत्री बनते हैं और मुझ जैसे को मुख्यमंत्री बनाते हैं। कांग्रेस में इसका अभाव है। कांग्रेस उसे परिवार को मानने वाले हैं, जिनके कपड़े प्रेस होने के लिए लंदन जाते हैं। मैं गर्व से कहता हूं कि भाजपा का संकल्प पत्र गीता रामायण की तरह है। पांच साल में एक-एक वादे को पूरा करेंगे। गुलामी से पहले दुनिया का स्टैंडर्ड टाइम हमारा था। उज्जैन से दुनिया का सेंटर पॉइंट तय होता है। आधुनिक तकनीक भी इसे मानती है।

 

 

उन्होंने कहा कि उज्जैन महाकाल के साथ फिजिक्स भूगोल ज्योग्राफी की नगरी है। आर्य भट्ट का पक्ष सबके सामने आना चाहिए। पश्चिम के लोगों ने भारतीय संस्कृति को लज्जित करने का काम किया। उन्होंने धार्मिक नगरी उज्जैन के संदर्भ में कहा कि इतिहास में भाइयों की तीन जोड़ी प्रसिद्ध हैं, राम-लक्ष्मण, कृष्ण बलराम और विक्रमादित्य और भतृहरि। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य को शैक्षणिक पाठ्यक्रम से हटा दिया गया। रिसर्च सेंटर के माध्यम से इसका भी जवाब दिया गया है। उन्होंने कहा कि लॉर्ड मैकाले की गलतियों को केंद्र की कांग्रेस सरकार ने नहीं सुधारा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई शिक्षा नीति में शिक्षा को व्यक्तित्व विकास से जोड़ा। ये नीति शिक्षा के क्षेत्र में कई बंधनों को खत्म करेगी।

 

 

इस दौरान मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए प्रदेश में 55 एक्सीलेंस कॉलेज खोलने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पहली बैठक में फैसला किया कि हर जिले में एक कॉलेज ऑफ एक्सिलेंस खोला जाएगा। विद्यार्थियों के लिए डिजिलॉकर की सुविधा होगी। मध्य प्रदेश ऐसा करने वाला पहला राज्य बन गया है। सनातन संस्कृति की महिमा प्रतिपादित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में रामभक्तों का स्वागत किया जाएगा। तीर्थ दर्शन यात्रा के माध्यम से प्रदेश सरकार लोगों को अयोध्या पहुंचाएगी। प्रदेश में जहां जहां कृष्ण के पांव पड़े, सारे स्थान तीर्थ के तौर पर विकसित किए जाएंगे।

 

 

हर हाल में पूरी होगी गारंटीः विजयवर्गीय

 

इससे पहले सत्तापक्ष की ओर से राज्यपाल के अभिभाषण पर प्रस्ताव रखते हुए भाजपा विधायक कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आशीर्वाद से हम मप्र के विकास में चार चांद लगाएंगे। भाजपा का संकल्प पत्र मात्र संकल्प पत्र नहीं है। यह मोदी की गारंटी है। यह गारंटी हर हाल में पूरी होगी। मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि एक मजदूर का बेटा जब मुख्यमंत्री बनता है तो सबसे पहले मजदूरों की चिंता करता है। मेरे पिताजी भी मिल में काम करते थे।

 

 

उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा भी मोदी गारंटी योजना है। यह यात्रा गांव-गांव में जा रही है और गरीब कल्याण की जितनी भी योजनाएं हैं, उनके फार्म भरवाकर लागों को उनका लाभ देने का काम मोदी के माध्यम से हमारी सरकार कर रही है। मोदी जी ने रथ भेजा है, एक कार्यक्रम भेजा है कि हर एक पंचायत में जाएं और जितने भी हितग्राही हैं, जिन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है, उन्हें ढूंढ-ढूंढकर लाभ दिलाएं।

 

 

विजयवर्गीय ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की तारीफ में कसीदे पढ़े और कहा कि हमारे मुख्यमंत्री मोहन यादव बड़ी वर्सेटाइल पर्सनेलिटी हैं। वह यादव हैं, इसके अलावा वह कुश्ती प्रेमी हैं। कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष हैं। तलवार चलाने में भी वह माहिर हैं। इसके अलावा वह इस सदन में मेरी जानकारी के मुताबिक सर्वाधिक शिक्षित व्यक्ति हैं। मुझे गर्व है कि उनके नेतृत्व में यह सरकार चलेगी।

 

 

विधानसभा में राज्यपाल का कृतज्ञता प्रस्ताव बहुमत के साथ पास हुआ। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने सदन की कार्यसूची में शामिल सभी विषयों को पूर्ण करने के बाद कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी। इसके साथ ही चार दिवसीय सत्र संपन्न हो गया।

Kolar News 22 December 2023

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.