Video

Advertisement


मोहन यादव होंगे मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री
bhopal, Mohan Yadav , Deputy CM

भोपाल। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री पद को लेकर संशय खत्म हो गया है। मोहन यादव प्रदेश के नए मुख्यमंत्री होंगे। सोमवार को हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में यह तय किया गया है। बैठक के बाद मोहन यादव ने राजभवन पहुंच कर राज्यपाल मंगूभाई पटेल से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया।

 

 

भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, भाजपा सांसद के. लक्ष्मण और पार्टी नेता आशा लकड़ा की मौजूदगी में सोमवार शाम पार्टी के प्रदेश कार्यालय में विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव पर विधायक दल ने मुहर लगाई।

 

 

शिवराज सिंह चौहान का इस्तीफा

विधायक दल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान राजभवन पहुंचे और राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा। राज्यपाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया।

 

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा के मुताबिक विधायक दल की बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान ने विधायक दल के नए नेता के रूप में मोहन यादव का नाम प्रस्तावित किया। नरेंद्र सिंह तोमर, कैलाश विजयवर्गीय, प्रह्लाद पटेल और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने प्रस्ताव का समर्थन किया।

 

 

प्रदेश के नए मुख्यमंत्री 58 वर्षीय मोहन यादव उज्जैन दक्षिण सीट से विधायक हैं। वह ओबीसी वर्ग से आते हैं। मोहन यादव 2013 में पहली बार उज्जैन दक्षिण सीट से विधायक बने थे। इसके बाद 2018 के विधानसभा चुनाव में वे दोबारा निर्वाचित हुए। 2 जुलाई 2020 को उन्होंने शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। वे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली पिछली सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री रहे। इससे पहले 1982 में वह माधव विज्ञान महाविद्यालय छात्रसंघ के सह-सचिव भी रहे।

 

मुख्यमंत्री मनोनीत होने के बाद मोहन यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह सिर्फ भाजपा ही है जो एक छोटे से कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी देती है। उन्होंने कहा कि मैं इस नए दायित्व के लिए आभार व्यक्त करता हूं। निश्चित रूप से विकास के कारवां को हम आगे बढ़ाएंगे।

 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट के माध्यम से प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कर्मठ साथी मोहन यादव को भाजपा विधायक दल की बैठक में मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री मनोनीत किये जाने पर हार्दिक बधाई। मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में आप मध्य प्रदेश को प्रगति एवं विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे तथा जनकल्याण के क्षेत्र में नये कीर्तिमान रचेंगे। इस नई जिम्मेदारी के लिए बहुत-बहुत बधाई, शुभकामनाएं!

 

उज्जैन में मोहन यादव की धर्मपत्नी ने कहा कि भगवान महाकाल का आशीर्वाद है, पार्टी का आशीर्वाद है। बहुत खुशी की बात है। उन्होंने संघर्ष भी बहुत किया है। निश्चित रूप से आज उसी संघर्ष का परिणाम मिला है।

Kolar News 11 December 2023

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.