Advertisement
बैतूल। भोपाल से नागपुर जा रही एक यात्री बस मंगलवार सुबह करीब 5.30 बजे मुलताई-नागपुर हाईवे पर ग्राम चिचण्डा के समीप श्रीजी ढाबे के सामने दुर्घटनाग्रस्त हो गई। भोपाल ट्रैवल्स की यह बस पुलिया पर चढ़ गई। बस में लगभग 50 सवारियां थीं, जिनमें से 15 यात्रियों को मामूली चोट आई हैं। इस हादसे के तुरंत बाद बस के कंडक्टर, ड्राइवर बस के गेट खोले बिना ही मौके से भाग गए। हाईवे से गुजर रहे लोगों ने बस के कांच फोड़कर लोगों को बाहर निकाला। यात्रियों को नागपुर जाना था, ऐसे में उन्हें अन्य वाहनों से मुलताई छोड़ा गया है।
यात्रियों ने बताया कि दुर्घटना के बाद ड्राइवर-कंडक्टर भाग गए, उन्होंने यात्रियों की कोई मदद नहीं की। यात्रियों का कहना है कि बस बहुत तेज गति में थी और हल्का कोहरा था। ड्राइवर को मना भी किया कि बस इतनी तेज न चलाए, लेकिन ड्राइवर ने यात्रियों की एक नहीं सुनी और बस ड्राइवर डिवाइडर की पुलिया में चढ़ा दी। दुर्घटना के तुरंत बाद संजीवनी 108 को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही संजीवनी मौके पर पहुंच गई थी।
संजीवनी के ईएमटी मनोज सबले ने बताया कि बस के सामने का हिस्सा पुलिया पर चढ़ा हुआ था। यात्री सड़क पर खड़े थे, कुछ यात्रियों को चोटें आई थी, जिन्हें एंबुलेंस के माध्यम से मुलताई में भर्ती करवाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।
Kolar News
5 December 2023
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.
Created By: Medha Innovation & Development
|