Advertisement
भोपाल। विधानसभा चुनावों की तस्वीर साफ हो चुकी है और भाजपा ने ऐतिहासिक बहुमत से जीत हासिल की है। भाजपा को मिली इस बड़ी सफलता में सबसे बड़ी जीत इंदौर से पार्टी विधायक रमेश मेंदोला के नाम रही है, जबकि सबसे कम मतों से जीत का खिताब शाजापुर से चुने गए भाजपा विधायक अरुण भीमावद के नाम रहा है।
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 में सबसे बड़ी जीत हासिल करने का गौरव भाजपा के उम्मीदवार रमेश मेंदोला को मिला है। रमेश मेंदोला इंदौर 2 विधानसभा सीट से विजयी रहे हैं। उन्होंने 1,07,047 वोटों से जीत हासिल की और अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के चिंटू चौकसे को पराजित किया। वहीं, मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में सबसे छोटी जीत मिली शाजापुर से भाजपा उम्मीदवार अरुण भीमावद को। उन्होंने 28 वोट से जीत हासिल की। भीमावद से कांग्रेस प्रत्याशी हुकुम सिंह कराड़ा को पराजित किया।
बड़ी जीत के मामले में भोपाल के गोविंदपुरा से भाजपा प्रत्याशी कृष्णा गौर दूसरे स्थान पर रही हैं उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी को 1.06,668 वोटों से हराया। तीसरे क्रम पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान रहे, जिन्होंने बुदनी में अपने प्रतिद्वंदी को 1,04,974 वोटों से पराजित किया। चौथे क्रम पर भाजपा के ही रामेश्वर शर्मा रहे, जिन्होंने हुजूर विधानसभा सीट पर अपने प्रतिद्वंदी को 97,910 वोटों से हराया। पांचवें क्रम पर भाजपा के ही वरिष्ठ नेता गोपाल भार्गव रहे। उन्होंने रहली में अपने प्रतिद्वंदी को 72,800 वोटों से पराजित किया।
वहीं, सबसे छोटी जीत के मामले में शाजापुर के भाजपा प्रत्याशी अरुण भीमावद के के बाद दूसरे स्थान पर महिदपुर से कांग्रेस प्रत्याशी दिनेश जैन रहे, जिन्होंने महज 290 वोटों से जीत हासिल की। तीसरे नंबर पर धरमपुरी से भाजपा के प्रत्याशी कालूसिंह ठाकुर रहे, जिन्होंने 356 वोटों से प्रतिद्वंदी उम्मीदवार को पराजित किया। चौथे क्रम पर बैहर के कांग्रेस प्रत्याशी संजय उइके हैं, जिन्होंने अपने प्रतिद्वंदी को 551 वोटों से हराया। पांचवें क्रम पर मांधाता से भाजपा प्रत्याशी नारायण पटेल हैं, जिन्होंने 589 वोटों से जीत हासिल की है।
Kolar News
4 December 2023
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.
Created By: Medha Innovation & Development
|