Video

Advertisement


एक लाख से ज्यादा वोटों से जीते मुख्यमंत्री शिवराज केन्द्रीय मंत्री कुलस्ते हारे
bhopal, Chief Minister Shivraj

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है। अभी तक के परिणामों के अनुसार भाजपा 164 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। कई क्षेत्रों के चुनाव परिणाम भी घोषित हो गए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीहोर जिले की बुधनी सीट से एक लाख से अधिक मतों से जीत हासिल की है, लेकिन केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते निवास सीट से और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस उम्मीदवार गोविन्द सिंह चुनाव हार गए हैं।

 

बुधनी विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक लाख चार हजार 974 मतों से जीत गए हैं। उन्हें कुल एक लाख 64 हजार 951 मत मिले हैं। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के विक्रम मस्ताल शर्मा को हराया। कुल 22 राउंड तक चली मतगणना में विक्रम मस्ताल को 59 हजार 977 वोट मिले। बुधनी से सपा की टिकट पर स्वामी वैराग्यानंद गिरी उर्फ मिर्ची बाबा को केवल 134 वोट मिले और उनकी जमानत जब्त हो गई।

राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत की ओर अग्रसर है, लेकिन निवास विधानसभा क्षेत्र से केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते चुनाव हार गए हैं। इस सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार चैन सिंह वरकड़े ने केन्द्रीय मंत्री कुलस्ते को 9723 मतों से हरा दिया। इस सीट पर कांग्रेस के चैनसिंह को 99 हजार 644 मत मिले और भाजपा के कुलस्ते को 89 हजार 921 मत मिले हैं।

 

 

नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह भी हारे

इधर, भिंड जिले की लहर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के कद्दावर नेता और मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह भी चुनाव हार गए हैं। उन्हें भाजपा के अंबरीश शर्मा गुड्डू ने हराया है। लहर सीट को वीआईपी व हॉट सीट माना जा रहा था। इसी तरह भिंड की शहर सीट से कांग्रेस के राकेश चौधरी चुनाव हार गए। उन्हें भाजपा के नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने हरा दिया।

Kolar News 3 December 2023

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.