Advertisement
भोपाल। मध्य प्रदेश में शुक्रवार, 17 नवंबर को होने वाले मतदान को लेकर आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने प्रदेश की जनता से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के विकास, तरक्की और खुशहाली के लिए एक- एक वोट बहुत जरूरी है। आप सब लोग मतदान जरूर करें और ऐसे प्रत्याशी का चयन करें जो विकास ,अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं की बात करे। आपके सुख दुख में हमेशा आपके साथ खड़ा रहे।
रानी अग्रवाल ने गुरुवार को अपने बयान में कहा कि ये चुनाव केवल विधायक चुनने का नहीं हैं। ये चुनाव मध्य प्रदेश की खुशहाली,तरक्की और दशा दिशा बदलने वाला चुनाव है। चुनाव के नतीजे तय करेंगे कि मध्य प्रदेश आने वाले पांच सालों में कहां खड़ा होगा। उन्होंने कहा कि आपकी किस्मत बदलने का ये चुनाव है। शुक्रवार को प्रदेश के हर जिम्मेदार नागरिक को बहुत सोच समझकर वोट करना है।
रानी अग्रवाल ने कहा कि वोट करते वक्त सब कुछ याद रखना, भूलना नहीं। मत भूलना कोरोना काल को, मत भूलना घोटालों के कारण योग्य छात्रों के हाथों से छीनी गईं नौकरियों और रुपए देकर अयोग्य लोगों के चयन को, मत भूलना प्रदेश के स्कूलों की बदहाली को, मत भूलना मंहगाई को। वोट डालने जाते वक्त एक बार अपने बच्चों के चेहरे जरूर देखकर जाना, उनके चेहरे आपको याद दिलाएंगे कि उनके सपनों को साकार करने के लिए आपको क्या चाहिए।
आप की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने कहा कि आपको मत का दान नहीं बल्कि अपने मत के अधिकार का प्रयोग करना है। 17 नवंबर को पोलिंग बूथ में जाएं और मतदान करें क्योंकि आपका एक एक वोट प्रदेश के विकास, तरक्की और खुशहाली में अहम भूमिका निभाने वाला है।
Kolar News
16 November 2023
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.
Created By: Medha Innovation & Development
|