Video

Advertisement


प्रियंका ने इंदिरा गांधी की बात कर जनता को याद दिलाया आपातकालः विष्णुदत्त शर्मा
bhopal, Priyanka reminded , Vishnudutt Sharma

भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने गुरुवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के मंडला की जनसभा में दिए गए भाषण पर पलटवार किया। शर्मा ने कहा कि प्रियंका ने इंदिरा गांधी की चर्चा कर जनता को एक तरह से आपातकाल की ही याद दिलाई है। इंदिरा ने आपातकाल लगाकर जिस प्रकार से लोकतंत्र की हत्या की थी, वह देश की जनता आज तक भूली नहीं है।

विष्णुदत्त शर्मा ने एक बयान में कहा कि आजादी के बाद से ही कांग्रेस देश के भोले-भाले आदिवासियों को वोट बैंक समझती रही है। आज भी कांग्रेस जनजातीय समाज को चुनाव के समय ही याद करती है। कांग्रेस ने आदिवासी समाज के उत्थान के लिए कोई कार्य नहीं किया। राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का विरोध किया। आदिवासी और जनता के लिए कांग्रेस ने कभी कुछ नहीं किया, इसलिए प्रियंका गांधी दादी से अपनी शक्ल मिलना बताकर जनता से वोट मांग रही हैं।

उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने प्रधानमंत्री सड़क योजना लागू की, तब सुदूर अंचलों में रहने वाले जनजातीय भाई-बहनों के मजरों-टोलों तक आवागमन के लिए पक्की सड़कें बनाई जा सकीं। आजादी के बाद करीब 60 वर्षों तक देश में शासन करने वाली कांग्रेस पार्टी ने आदिवासी भाई-बहनों के कल्याण के लिए कोई कार्य नहीं किया। आज मंडला में प्रियंका गांधी ने इंदिरा गांधी का जिक्र कर जनता को आपातकाल की याद दिला दी है। वादाखिलाफी कांग्रेस का नया वादा, फिर जनता को ठगने का इरादा है। उन्होंने कहा कि वाजपेयी के कार्यकाल में केंद्र सरकार ने अलग जनजातीय मंत्रालय बनाकर उनके विकास के लिए योजनाएं बनाईं। प्रियंका गांधी, यह मध्यप्रदेश है, यहां गरीब कल्याण, विकास और सुशासन के आधार पर जनता मतदान करती है।

शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा से झूठे आंकड़े प्रस्तुत कर जनता को बरगलाने का कार्य किया है। कांग्रेस शासित राज्य राजस्थान महिला अपराध में नंबर एक पर है, उसे लेकर बात नहीं की जाती। मध्य प्रदेश में महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लिए लाड़ली बहना योजना के तहत प्रति माह एक करोड़ 31 लाख से अधिक महिलाओं को 1250 रुपये दिए जा रहे हैं। बच्चियों के साथ गलत काम करने वालों को फांसी देने का कानून मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बनाया है।

उन्होंने कहा कि विश्व में सबसे कम महंगाई भारत में है। जहां तक बेरोजगारी का सवाल है तो मध्यप्रदेश में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का कार्य चल रहा है। केंद्र सरकार भी प्रतिमाह 70 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति-पत्र सौंप रही है। भाजपा सरकार ने पेसा एक्ट लागू करके आदिवासी समाज को अधिकार संपन्न बनाया है। जनजातीय विकासखंडों में पेसा कानून के तहत तेंदूपत्ता संग्रहण का कार्य भी पंचायत स्तर पर स्थानीय लोगों के अधीन कराया जा रहा है। तेंदूपत्ता संग्राहकों को भाजपा सरकार ने बीमा भी कराया है।

Kolar News 13 October 2023

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.