Advertisement
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शनिवार को अभा कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की शाजापुर जिले की कालापीपल विधानसभा में आयोजित जनसभा में कहा कि प्रदेश आज भ्रष्टाचार, महिला अत्याचार, आदिवासियों पर अत्याचार और बेरोजगारी में नंबर वन है।
कमलनाथ ने कहा कि मप्र में रोजगार व्यवस्था, कृषि व्यवस्था, शिक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य व्यवस्था, उद्योग धंधे सब पूरी तरह से चौपट हैं। शिवराज सिंह चौहान ने आज पूरे प्रदेश को चौपट प्रदेश बनाकर रख दिया है।18 साल में शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश को कहां धकेल दिया है। आज प्रदेश में किसान खाद-बीज के लिए भी भटक रहा है। किसानों के साथ हमारा बेरोजगार नौजवान, छोटा व्यापारी भी आज प्रदेश में त्रस्त है। मैं आप सभी को बताना चाहता हूं कि शिवराज सिंह चौहान की घोषणा मशीन डबल स्पीड पर चल रही है। इनकी झूठ की मशीन भी डबल स्पीड से चल रही है। लेकिन फिर भी भाजपा आज प्रदेश में जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं। मैं तो कहता हूं कि शिवराज सिंह चौहान को अपने रेट कार्ड की यात्रा भी निकालनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि 50 प्रतिशत भ्रष्टाचार और कमीशन की व्यवस्था पूरे प्रदेश में पंचायत से लेकर मंत्रालय तक बनाई हुई है। पैसे दो और अपना नाम गरीबी रेखा के नीचे लिखवाने का काम किया जा रहा है। मैं बस आपसे इतना ही कहना चाहता हूं कि भारतीय जनता पार्टी का समय पूरा हो चुका है। मध्य प्रदेश के मतदाताओं ने तय कर लिया है कि शिवराज सिंह और भारतीय जनता पार्टी को बड़े प्यार विदा करना है।
Kolar News
1 October 2023
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.
Created By: Medha Innovation & Development
|