Advertisement
ग्वालियर। ग्वालियर-चंबल संभाग में अगले चार से पांच दिन तक बारिश की उम्मीद कम है। ऐसे में लोगों को अभी उमस पूर्ण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर भरोसा करें तो 29 सितम्बर के बाद बारिश हो सकती है।
ग्वालियर में पिछले आठ दिनों से मानसून ब्रेक की स्थिति बनी हुई है। इसके चलते तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। शहर में लगातार दूसरे दिन पारा 35 डिग्री सेल्सियस के नजदीक टिका रहा। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में रविवार को अधिकतम तापमान मात्र 0.1 डिग्री सेल्सियस आंशिक गिरावट के साथ 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 85 और शाम को 71 प्रतिशत दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार मध्यप्रदेश में अभी कोई मजबूत मौसम प्रणाली मौजूद नहीं है। उत्तर-पश्चिमी मध्यप्रदेश के ऊपर से एक द्रोणिका लाइन जरूर गुजर रही है। ऐसे में अगले चार से पांच दिन तक ग्वालियर-चंबल संभाग में तेज बारिश की उम्मीद कम है। हालांकि स्थानीय प्रभाव से कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम के जानकार बता रहे हैं कि 29 सितम्बर को बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने की उम्मीद है। यदि यह मौसम प्रणाली मध्यप्रदेश की ओर आगे बढ़ी तो सितम्बर के अंतिम या अक्टूबर के शुरुआती दिनों में तेज बारिश हो सकती है।
Kolar News
24 September 2023
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.
Created By: Medha Innovation & Development
|