Video

Advertisement


भाजपा के हाईटेक मीडिया सेंटर का हुआ शुभारंभ
bhopal, BJP, hi-tech media center

भोपाल, 24 सितंबर (हि.स.)। भाजपा के हाईटेक मीडिया सेंटर का रविवार को भोपाल के बंसल वन में शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, केन्द्रीय मंत्री अश्विन वैष्णव, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश संगठन मंत्री हितांनद शर्मा, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री जेपीएस राठौर, राष्ट्रीय प्रवक्ता केके शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि संघर्ष का शंख फूंक चुका है। युद्ध के नगाडे बज गए हैं। भाजपा ने आज नवीन मीडिया सेंटर का उद्घाटन किया है। यह मीडिया सेंटर अपने उद्देश्यों की प्राप्ति में सफल होगा।

 

उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से हम अपने संदेश को योग्य प्रकार से जनता तक पहुंचाते रहेंगे। मीडिया से लगातार संवाद होता रहे और पार्टी के विचार मीडिया के जरिए जनता तक पहुंचते रहें, इसके लिए मीडिया सेंटर सेतु बनेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी ने वार रूम भी तैयार किया है। जो सटीक वार करेगा। इस बार हम सफलता के सारे रिकार्ड तोडेंगे। मुख्यमंत्री ने मीडिया सेंटर में सभी मीडिया बंधुओं का स्वागत करते हुए कहा कि आप यहां आते रहें।

 

मीडिया सेंटर से पार्टी की नियमित गतिविधियां प्राप्त होगीः विष्णुदत्त शर्मा

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने भाजपा के मीडिया सेंटर में पधारे सभी पत्रकारों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा से मीडिया और पत्रकार बंधुओं का सम्मान करने वाली पार्टी है, हम मीडिया को लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ के रूप में मजबूती से स्वीकार करते हैं और उनका सम्मान करते हैं। भाजपा का यह मीडिया सेंटर कई मायनों में अनूठा है और विशेष भी है। यह केवल भाजपा के लिए ही नहीं अपितु हमारे पत्रकार साथियों के लिए भी यह सेंटर बेहद खास है। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह मीडिया सेंटर इस विधानसभा चुनाव की दृष्टि से मीडिया वॉर रूम भी है। जो हमारे पत्रकार साथी हैं उनकी आवश्यकताओं और जरूरतों का भी विशेष ध्यान रखा गया है।

 

 

ऐसा होगा भाजपा का हाईटेक मीडिया सेंटर

यह मीडिया सेंटर पत्रकारों से संवाद और समन्वय के केंद्र का कार्य करेगा, यहां मीडिया सेंटर, मीडिया वॉर रूम, मीडिया रिसर्च व समाचार लेखन का कार्य होगा। मीडिया सेंटर 24 घंटे सातों दिन सुलभ है, यह सभी सुविधाओं से युक्त उच्च स्तरीय मीडिया सेंटर है। भाजपा के नवीन मीडिया सेंटर से प्रेस कांफ्रेंस के साथ ही चुनाव से जुडी सभी गतिविधियों, नेताओं के कार्यक्रम, इत्यादि की जानकारी आने वाले समय में सुलभता से उपलब्ध रहेगी। चुनाव संबंधी विभिन्न विषयों पर चर्चा, परिचर्चा के लिए यह मीडिया सेंटर अनुकूल वातावरण का केंद्र होगा। इस मीडिया सेंटर में डिबेट, डिस्कशन और डायलॉग केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। भारतीय जनता पार्टी के विचार और समाचार के इस प्रमुख केंद्र का रविवार से आगाज हो गया है, अब यहीं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता, प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं अन्य मीडिया विभाग की टीम सुलभता से उपलब्ध होंगे।

Kolar News 24 September 2023

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.