Video

Advertisement


मप्र में किसानों और निर्धन परिवारों के सरकारी स्कूल में पढ़े बच्चे भी बन सकेंगे डॉक्टरः शिवराज
bhopal,  Madhya Pradesh, ,Shivraj

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में सभी के लिए मकान, किसानों को सम्मान निधि, विद्यार्थियों को अनेक सुविधाएं देकर लाभान्वित किया जा रहा है। जो प्रावधान अन्य प्रदेशों में नहीं है, वे मध्यप्रदेश में किए गए हैं। यह मध्यप्रदेश है, जहाँ किसानों और निर्धन परिवारों के ऐसे बच्चे भी अब डॉक्टर बन सकेंगे, जो सरकारी स्कूलों में पढ़े हैं। इनके लिए आरक्षण की व्यवस्था की गई है।

 

मुख्यमंत्री चौहान सोमवार शाम को विदिशा जिले के शमशाबाद में जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से प्रगति कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी भारत के लिए ईश्वर का वरदान हैं।

 

कार्यक्रम को असम के मुख्यमंत्री हिमन्ता बिश्वा शरमा ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश विकसित राज्य बनने की तरफ बढ़ा है, तो इसका श्रेय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को है। मुख्यमंत्री चौहान ने तीर्थदर्शन योजना को लागू करके प्रदेश के नागरिकों को देश के तीर्थ स्थानों की नि:शुल्क यात्रा की सुविधा दी है। आने वाले समय में प्रदेश के नागरिक जो भी अयोध्या के रामलला मंदिर के दर्शन के लिए जाना चाहेंगे, वे योजना का लाभ लेकर जा सकेंगे। मध्यप्रदेश में मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई हिन्दी में करवाई जा रही है।

 

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश एक श्रेष्ठ राज्य है। यहां लाड़ली बहना योजना जैसी बहनों की जिन्दगी बदलने वाली योजना है। शिक्षा और कृषि क्षेत्र में मध्यप्रदेश ने काफी प्रगति की है। हर घर में जल नल के माध्यम से पहुंचाया जा रहा है। मध्यप्रदेश की गिनती पहले बीमारू राज्यों में थी, लेकिन आज मध्यप्रदेश विकसित राज्य का दर्जा प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि जहां प्रधानमंत्री मोदी भारत की प्रतिष्ठा विश्व में बढ़ाते हुए कार्य कर रहे हैं, वहीं मुख्यमंत्री चौहान मध्यप्रदेश को देश का नंबर-एक राज्य बनाने का सपना देखने के बाद उसे साकार करने का कार्य कर रहे हैं। उनका अनुभव और सुशासन आधारित कार्यशैली प्रदेश की नई पहचान बना रही है।

 

बहनों की जिन्दगी में खुशहाली लाना उद्देश्यः मुख्यमंत्री चौहान

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज हरतालिका व्रत के बाद भी बहनें बड़ी संख्या में यहां आई हैं। मैं मुख्यमंत्री नहीं इन बहनों का भैया हूँ। मैं सरकार नहीं परिवार चला रहा हूँ। लाड़ली बहना योजना सिर्फ एक योजना नहीं बल्कि बहनों का मान-सम्मान सुनिश्चित करने का अद्भुत माध्यम है। रक्षाबंधन पर बहनों को उपहार देने के बाद लाड़ली बहनों को हर माह 1250 रुपये प्रदान करने की पहल हुई। यह योजना बहनों को 3 हजार रुपये तक हर माह दिलवाने के लक्ष्य को लेकर प्रारंभ की गई है। प्रदेश के ऐसे परिवारों को नई आवास योजना का लाभ दिया जाएगा, जिनका अपना मकान नहीं है और वे अन्य आवास योजनाओं के लाभ से शेष रह गए हैं।

मुख्यमंत्री चौहान ने विद्यार्थियों को लैपटॉप की राशि, साइकिल की राशि, स्कूटी प्रदान करने के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना और मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना से बड़ी संख्या में विद्यार्थी लाभान्वित हो रहे हैं। इंजीनियरिंग और मेडिकल के अध्ययन का माध्यम हिंदी भाषा को बनाने का कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि अब तीर्थदर्शन योजना से हमारे सम्मानीय बुजुर्ग हवाई जहाज द्वारा तीर्थस्थानों के दर्शन का लाभ ले रहे हैं।

कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल, शमशाबाद क्षेत्र की विधायक राजश्री सिंह, अन्य जनप्रतिनिधि और आम नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे। प्रारंभ में शमशाबाद में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने मुख्यमंत्री चौहान का पुष्पों द्वारा दिल से स्वागत किया। समाज के प्रत्येक वर्ग के लोग मुख्यमंत्री चौहान से भेंट करने के लिए उत्सुक थे।

Kolar News 19 September 2023

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.