Video

Advertisement


भाजपा विधायक रघुवंशी और पूर्व विधायक शेखावत ने थामा कांग्रेस का हाथ
bhopal, BJP MLA Raghuvanshi , Congress

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले दल बदल का दौर शुरू हो गया है। शनिवार को भाजपा के नौ कद्दावर नेताओं ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। इसमें दो दिन पहले भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने वाले कोलारस विधायक वीरेन्द्र रघुवंशी और पूर्व विधायक भंवर सिंह शेखावत शामिल है। सभी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के समक्ष कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

 

कांग्रेस का दामन थामने वाले नेताओं में कोलारस विधानसभा से विधायक वीरेंद्र रघुवंशी, धार जिले के कद्दावर भाजपा नेता पूर्व विधायक भंवर सिंह शेखावत, गुना के पूर्व विधायक स्वर्गीय देवेन्द्र सिंह रघुवंशी की पुत्री सिंधिया समर्थक नेत्री अंशु रघुवंशी, झाँसी के दो बार के पूर्व सांसद सुजान सिंह बुंदेला के पुत्र चंद्रभूषण उर्फ़ गुड्डू राजा (सागर), पूर्व गृह मंत्री उमाशंकर गुप्ता के भांजे डॉ आशीष अग्रवाल गोलू ने कांग्रेस की सदस्यता ले ली। इन बड़े नेताओं के अलावा कई अन्य नेताओं और उनके समर्थकों ने भी कांग्रेस की सदस्यता ली है। कांग्रेस का दावा है कि ये सभी नेता कमल नाथ जी के नेतृत्व से प्रभावित होकर कांग्रेस में आये हैं जिसका लाभ पार्टी को विधानसभा चुनाव में अवश्य मिलेगा।

 

चंद्रभूषण सिंह बुंदेला ने कहा कि मेरी कांग्रेस में घर वापसी हुई है। हमारा डीएनए कांग्रेस का है। भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह रघुवंशी और पूर्व विधायक भंवर सिंह शेखावत ने प्रदेश भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अब यह वह भाजपा नहीं रही, जो कार्यकर्ताओं की बात करती थी। आज वहां पार्टी के मूल कार्यकर्ताओं की कोई पूछपरख नहीं है। उधर, पूर्व विधायक गिरिजाशंकर शर्मा ने भी भाजपा छोड़ दी है। चर्चा है कि वो भी जल्द कांग्रेस की सदस्यता ले सकते हैं।

 

 

कमलनाथ ने भाजपा पर साधा निशाना

इस अवसर पर कमलनाथ ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने मध्य प्रदेश को भ्रष्टाचार प्रदेश बना दिया है। आज मध्य प्रदेश में हर व्यक्ति भ्रष्टाचार का शिकार है या भ्रष्टाचार का गवाह है। मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार की एक ऐसी व्यवस्था बना ली है जिसमें पैसे दो काम लो' का सिद्धांत चल रहा है। कमलनाथ ने कहा कि आज के नौजवान की अपनी सोच है। वह कमीशन या ठेके नहीं चाहता है। वह रोज़गार चाहता है। अपने हाथों को काम चाहता है। निवेश कलाकारी से नही आता है उसके लिये विश्वास का माहौल बनाने की ज़रूरत है।

उन्होंने कहा कि मैं आज आपसे थोड़ी सी बात करूँगा आप सब रक्षक हैं ये एमपी के भविष्य का चुनाव है और आप मध्य प्रदेश के भविष्य के रक्षक है। उन्होंने आगे बोलते हुए कहा कि आज शिवराज सिंह जी अपने पाप धोने के लिए बहनों को 1000 रुपये दे रहे हैं। शिवराज जी! आप सोचते हैं कि 18 साल के आपके पाप ऐसे धुल जाएंगे। आप जाइए मुंबई और कलाकारी वहाँ कीजिए, इस चुनाव के बाद मध्य प्रदेश की जनता आपको बड़े प्यार से विदा करेगी। कमलनाथ ने कहा कि भाजपा ने मध्यप्रदेश को चौपट प्रदेश, घोटाला प्रदेश, भ्रष्टाचार प्रदेश बना दिया है। आपको एक रक्षक के रूप में मध्य प्रदेश के भविष्य को बचाना है।

 

कमीशन वाली सरकार के 31 मंत्री चुनाव हारेंगे: सुरजेवाला

इस अवसर पर मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि पिछली बार विधानसभा चुनाव में भाजपा के 13 मंत्री हारे थे। इस बार इसका उल्टा होगा और मध्य प्रदेश की इस कमीशन वाली सरकार के 31 मंत्री चुनाव हारेंगे। सुरजेवाला ने कहा कि 50% कमीशन और भ्रष्टाचार इस सरकार का मुख्य धंधा है। जिस सरकार में दलित आदिवासी और महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, उन्हें चुल्लूभर पानी में डूब मरना चाहिए। भोपाल राजधानी है और यहां हर दिन एक महिला से बलात्कार क्यों हो रहा है?

उन्होंने कहा कि कमलनाथ के पिटारे में अभी बहुत माल है, वहीं एमपी में एक धोखेबाज सत्ता में है वो कमलनाथ जी की घोषणाओं को नकल कर रहा है। कमलनाथ आपसे अनुरोध करता हूं कि आप आज कोई घोषणा न करें अब सारी घोषणाएं आचार संहिता के बाद करेंगे।

Kolar News 2 September 2023

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.