Advertisement
रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में रविवार सुबह एक यात्री बस स्टेयरिंग फेल होने के बाद पलट गई। बस भोपाल से तेंदुखेड़ा जा रही थी और बस में करीब 30 से अधिक यात्री सवार थे। हादसे में पांच यात्रियों को चोट आई है। जिन्हें इलाज के लिए सुल्तानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया है, यहां सभी का उपचार जारी है।
जानकारी अनुसार शर्मा ट्रेवल्स की यात्री बस रविवार सुबह भोपाल से तेंदुखेड़ा के लिए रवाना हुई थी। इस दौरान सुबह करीब आठ बजे गौहरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पांजरा जबलपुर रोड पर अचानक बस का स्टेयरिंग फेल हो गया और बस अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने यात्रियों को बाहर निकाला और घटना की सूचना गौहरगंज थाना पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया। गौहरगंज थाना प्रभारी राजकुमार चौधरी ने बताया कि बस में 30 से अधिक लोग सवार थे। गनीमत रही कि बस की रफ्तार धीमी थी इस वजह से मात्र पांच लोगों को ही मामूली चोट लगी है। सभी घायलों को सुल्तानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रवाना किया। यह उनका उपचार जारी है। बाकी यात्री सुरक्षित हैं।
Kolar News
13 August 2023
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.
Created By: Medha Innovation & Development
|