Video

Advertisement


प्रधानमंत्री ने मप्र के बड़तूमा में रखी संत रविदास मंदिर और स्मारक की आधारशिला
bhopal, Prime Minister, Sant Ravidas Temple

सागर। मध्य प्रदेश में सागर जिले के बड़तूमा में 100 करोड़ की लागत से 11 एकड़ भूमि में संत रविदास का भव्य और ऐतिहासिक मंदिर तथा विशाल स्मारक बनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को बड़तूमा पहुंचकर संत रविदास मंदिर और स्मारक की आधारशिला रखी। इस मौके पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहे।

 

 

प्रधानमंत्री ने वैदिक मंत्रों के बीच विधि-विधान से यहां संत रविदास भव्य मंदिर और स्मारक का भूमि-पूजन किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री की मौजूदगी में प्रदेश में पांच स्थानों से निकली समरसता यात्राओं का भी समापन हुआ। प्रधानमंत्री ने यहां संत रविदास मंदिर का माडल भी देखा। मुख्यमंत्री चौहान ने उन्हें मंदिर निर्माण के संबंध में जानकारी दी। इसके बाद प्रधानमंत्री ढाना में जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री को सुनने के लिए सभास्थल पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं।

 

 

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री चौहान ने विगत 08 फरवरी को संत रविवाद जयंती के मौके पर यहां मंदिर और स्मारक निर्माण की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद यहां भव्य निर्माण किया जा रहा है। संत रविदास का नागर शैली से पत्थरों का भव्य मंदिर का निर्माण लगभग 10 हजार वर्गफिट क्षेत्रफल में किया जाएगा। साथ ही संस्कृति एवं रचनात्मक विशेषता के साथ संत रविदास के दर्शन को प्रदर्शित करने वाली एक विशेष शैली के इंटरप्रिटेशन म्यूजियम का निर्माण किया जाएगा।

 

 

म्यूजियम का कुल क्षेत्रफल 14 हजार वर्गफिट होगा, जिसके अंतर्गत चार गैलरी निर्मित की जाएंगी। प्रथम गैलरी में संत रविदास के महान जीवन को प्रदर्शित किया जाएगा। दूसरी गैलरी संत रविदास के भक्ति मार्ग तथा निर्गुण पंथ में योगदान पर आधारित होगी। तृतीय गैलरी संत रविदास के दर्शन का विभिन्न मतों पर प्रभाव तथा रविदासिया पथ पर केंद्रित रहेगी, जबकि चतुर्थ गैलरी में संत रविदास के काव्योचित, साहित्य एवं समकालीन विवरण का समावेश रहेगा।

 

 

इसके अलावा लाइब्रेरी एवं संगत हाल में संत रविदास के भक्ति मार्ग एवं दार्शनिक विचारों के समस्त साहित्य का संकलन उपलब्ध होगा। सभी आधुनिक सुविधाओं से युक्त लायब्रेरी भी होगी। कुंड-मंदिर परिसर में संत रविदास मंदिर के समीप जलकुंड का प्रतीकात्मक रूप से निर्माण किया जाएगा। भक्त निवास का निर्माण लगभग 12 हजार वर्गफुट में किया जाएगा, जिसमें आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए सर्व सुविधायुक्त वातानुकूलित 15 कक्ष बनाए जाएंगे। साथ ही 50 लोगों के ठहरने के लिए डोरमेट्री निर्मित की जाएगी। मंदिर परिसर में आने वाले तीर्थ यात्रियों के लिए 15 हजार वर्गफिट में सर्व सुविधायुक्त वृहद फूड कोर्ट का निर्माण किया जाएगा।

 

 

संत रविदास के जीवन वृतांत का चित्रण समस्त परिसर में म्युरल स्कल्प्चर के माध्यम से किया जाएगा। मंदिर परिसर में दो भव्य प्रवेश द्वार, भव्य पार्किंग, सीसीटीवी, फायर फाइटिंग, लाइटिंग इत्यादि की समुचित व्यवस्थाएं निर्मित की जाएगी।

 

Kolar News 12 August 2023

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.