Video

Advertisement


मप्र विधानसभा चुनाव के लिए बसपा ने घोषित किए सात उम्मीदवार
bhopal, BSP declared ,seven candidates

भोपाल। मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा के चुनाव होने हैं। अभी चुनावों की तारीखों का ऐलान तो नहीं हुआ है, लेकिन राजनीतिक दल चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। इसी बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने प्रदेश की सात सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा भी कर दी है।

 

 

 

बसपा द्वारा गुरुवार को ग्वालियर-चबंल, बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र की सात विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। इनमें मुरैना, निवाड़ी, छतरपुर जिले की एक-एक तथा सतना और रीवा जिले की दो-दो सीटें शामिल हैं। बसपा द्वारा जारी सूची के अनुसार, मुरैना जिले की दिमनी विधानसभा सीट से बलवीर सिंह दंडोतिया, निवाड़ी से अवधेश प्रताप सिंह राठौड़, छतरपुर की राजनगर सीट से रामराजा पाठक, सतना की रैगांव सीट से देवराज अहिरवार, सतना जिले की रामपुर बघेलान सीट से मणिराज सिंह पटेल, रीवा की सिरमौर से विष्णु देव पांडे और रीवा जिले की सिमरिया सीट से पंकज सिंह को उम्मीदवार घोषित किया गया है। ये सभी सीटें उत्तरप्रदेश की सीमा से सटी हुई हैं।

 

 

 

सतना जिले की रामपुर बघेलान सीट से बसपा ने रिटायर्ड तहसीलदार मणिराज सिंह पटेल को उम्मीदवार बनाया है। पटेल रामपुर बघेलान के पिथैपुर गांव के रहने वाले हैं। वे साल 2020 में तहसीलदार पद से रिटायर हुए और सरकारी नौकरी से सेवानिवृत्ति के 17 दिन बाद ही बसपा में शामिल हो गए। वे सतना की रघुराजनगर तहसील से रिटायर हुए हैं। मणिराज के चाचा सरपंच रह चुके हैं। वर्तमान में चचेरे भाई महेन्द्र सिंह वार्ड 21 से जिला पंचायत के सदस्य हैं। रामपुर बघेलान सीट पूर्व मुख्यमंत्री गोविन्द नारायण सिंह के परिवार की परंपरागत सीट रही है। इस सीट पर पूर्व मंत्री हर्ष सिंह के बेटे विक्रम सिंह भाजपा से विधायक हैं। इस सीट पर 1993 और 2008 में बसपा के उम्मीदवार चुनाव जीत चुके हैं।

 

 

 

केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के प्रभाव वाली मुरैना जिले की दिमनी सीट पर बसपा ने बलवीर डंडौतिया को फिर उम्मीदवार बनाया है। बलवीर डंडौतिया 2013 में दिमनी से बसपा से विधायक चुने गए थे। इसके बाद वे कांग्रेस में शामिल हो गए थे, लेकिन उनका मोहभंग हुआ और वे इसी साल फरवरी में फिर बसपा में वापस लौट आए थे। अब बसपा के टिकट पर वे फिर मैदान में ताल ठोकेंगे। इस सीट पर वर्तमान में कांग्रेस के रविन्द्र सिंह तोमर विधायक हैं।

 

बसपा ने झांसी की सीमा से सटी निवाड़ी विधानसभा सीट पर अवधेश प्रताप सिंह राठौर को प्रत्याशी घोषित किया है। अवधेश, कांग्रेस की कमलनाथ सरकार में मंत्री रहे स्वर्गीय बृजेन्द्र सिंह राठौर के चचेरे भाई हैं। पहले टीकमगढ़ जिला पंचायत के सदस्य और जनपद पंचायत उपाध्यक्ष रह चुके हैं। साल 2008 में परिसीमन के बाद निवाडी से उमा भारती की पार्टी (भारतीय जनशक्ति पार्टी) से विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। उमा भारती की भाजपा में वापसी के साथ ही अवधेश भी भाजपा में शामिल हो गए थे। बृजेन्द्र सिंह राठौर के निधन के बाद हुए उपचुनाव में भाजपा ने उन्हें निष्कासित कर दिया था।

 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के संसदीय क्षेत्र खजुराहो में आने वाली राजनगर विधानसभा सीट पर बसपा ने रामराजा पाठक को प्रत्याशी बनाया है। वे साल 2008 में बसपा में शामिल हुए थे। एक बार जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ चुके हैं। वर्तमान में रामराजा पाठक की भाभी हेमलता पाठक नौगांव जनपद अध्यक्ष की अध्यक्ष हैं। रामराजा पाठक ठेकेदारी करते हैं। इस सीट से कांग्रेस के विक्रम सिंह नातीराजा विधायक हैं।

 

 

 

सतना जिले की रैगांव सीट पर बसपा ने अपने कैड़र के पुराने कार्यकर्ता को उम्मीदवार घोषित किया है। वर्ष 1990 से बसपा में काम कर रहे देवराज अहिरवार को रैगांव सीट पर प्रत्याशी बनाया है। वे 2018 में विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। देवराज खेती के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग और ईंट भट्टे का व्यवसाय करते हैं।

 

 

 

रीवा जिले की सेमरिया विधानसभा सीट पर बसपा ने तीसरी बार पंकज सिंह पटेल को उम्मीदवार बनाया है। पंकज वर्तमान में सेमरिया के विधानसभा प्रभारी हैं। वे 2013 और 2018 में विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। 2013 में उन्हें तीस हजार वोट मिले थे और 2018 में 39 हजार वोट मिले थे। दोनों ही चुनावों में वे दूसरे नंबर पर रहे थे। पंकज सिंह रीवा के पूर्व सांसद देवराज सिंह पटेल के चचेरे भाई हैं। वे क्रेशर व्यवसायी हैं। इस सीट पर भाजपा के केपी त्रिपाठी विधायक हैं।

 

 

 

रीवा जिले की सिरमौर सीट से बसपा ने पुलिस विभाग के रिटायर डीएसपी विष्णुदेव पांडेय (वीडी) को उम्मीदवार घोषित किया है। वीडी पांडेय रीवा की सेमरिया सीट से कांग्रेस के पूर्व विधायक अभय मिश्रा के समधी हैं। सिरमौर विधानसभा के भनिगवां गांव के रहने वाले वीडी पाण्डेय की पत्नी रन्नू देवी जनपद अध्यक्ष हैं। वीडी पांडे 90 के दशक में सब इंस्पेक्टर में हुए भर्ती, सतना, सिंगरौली और शहडोल में निरीक्षक, सीएसपी और एसडीओपी से चार साल पहले रिटायर हुए थे। वीडी पांडे ने रिटायर होने के बाद बसपा की सदस्यता ग्रहण की थी और सिरमौर सीट से चुनाव की तैयारी में जुटे हुए हैं। इस सीट पर भाजपा के दिव्यराज सिंह वर्तमान में विधायक हैं।

 

 

 

उल्लेखनीय है कि पिछले 2018 के विधानसभा चुनाव में बसपा के दो विधायक चुने गए थे। इनमें भिंड से संजीव सिंह कुशवाह और दमोह की पथरिया सीट से रामबाई सिंह परिहार विधायक बने थे, लेकिन संजीव सिंह भाजपा में शामिल हो गए। अब प्रदेश में केवल रामबाई अकेली बसपा की विधायक हैं, लेकिन बसपा द्वारा जारी की गई उम्मीदवारों की पहली सूची में मौजूदा बसपा विधायक रामबाई का नाम शामिल नहीं है।

 

 

Kolar News 11 August 2023

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.