Video

Advertisement


70 साल तक राज करने वाली पार्टी ने खुद को बनाया अमीरः ज्योतिरादित्य सिंधिया
chatarpur,   itself rich, Jyotiraditya Scindia

छतरपुर। केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि इस देश में 70 साल तक एक पार्टी ने शासन किया जिसने गरीबों के नाम पर खुद को अमीर बनाने का काम किया। मप्र में कांग्रेस के जमाने में भ्रष्टाचार चरम पर था। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने बहुत सारे वादे किए थे, लेकिन 15 महीने वाली सरकार के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने एक भी वादा पूरा नहीं किया। जब मैंने उनसे कहा कि हमें जनता का काम करना है, अगर ऐसा नहीं होगा तो मैं जनता के साथ आप के विरोध में सड़क पर उतर जाऊंगा। वह बोले, उतर जाओ। इसके बाद मैंने कांग्रेस की सरकार को ही हटा दिया।

 

सिंधिया मंगलवार को खजुराहो में राजनगर विधानसभा के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मेरी दादी मां ने भी इस प्रदेश में राजनीति के स्वरूप को बदला था। मैं भी उन्हीं का खून हूं। मैं भी राजनीति के स्वरूप को बदलने में कामयाब रहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि अभी तो यह अंगड़ाई है, आगे और लड़ाई है। हम सबको हाथ में भाजपा का झंडा लेकर मन में धैर्य रखकर पार्टी के लिए जन जन तक पहुंचना है।

 

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि बुंदेलखंड की यह माटी वीर सपूतों के लिए जानी पहचानी जाती है। बुंदेलखंड का गौरवशाली इतिहास रहा है, यहां के योद्धा सीना तानकर युद्ध करते हैं। मैं इस पवित्र भूमि को झुककर नमन करता हूं।

 

उन्होंने कहा कि आज हम जिस पार्टी में काम कर रहे हैं, वह अंत्योदय की परिकल्पना के साथ इस देश के अंदर एक विचार को लेकर काम कर रही है। आज हम केंद्र व मध्यप्रदेश की सरकार की जिस योजना को देखते हैं, उसमें हमें गरीब कल्याण दिखाई पड़ता है। नरेन्द्र मोदी और शिवराज सिंह ने इस देश के अंदर किसानों के लिए, महिलाओं के लिए, हर वर्ग के लिए जन कल्याणकारी योजनाएं बनाई हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना बनाई एवं महिलाओं के आत्मसम्मान की रक्षा के लिए हर घर में शौचालय बनाने का काम किया। मुख्यमंत्री चौहान बेटियों को पैदा होते ही लखपति बनाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने बहनों की चिंता करते हुए लाडली बहना योजना बनाई। किसानों के लिए प्रधानमंत्री ने किसान सम्मान निधि देने का काम किया तो उसी निधि को बढ़ाते हुए मध्यप्रदेश की सरकार ने भी अपनी तरफ से योगदान दिया। किसान के साथ हर वक्त खड़े रहने वाले व्यक्ति का नाम शिवराज सिंह चौहान हैं।

सिंधिया ने कहा कि हम सबको मिलकर घर-घर पहुंचना है और 2003 के मध्यप्रदेश तथा उसके बाद भाजपा सरकार द्वारा किए गए विकास के बारे में लोगों को बताना है। हमें बताना है कि श्रीमान बंटाधार की सरकार में यह राज्य बीमारू राज्य था। सड़क में गड्ढा या गड्ढे में सड़क है, पता ही नहीं चलता था। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आने वाले चुनाव में भाजपा को जिताने की शपथ दिलाई। सम्मेलन को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी संबोधित किया।

Kolar News 26 July 2023

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.