Advertisement
इंदौर। 19 जुलाई से प्रारंभ हुई जी-20 देशों की समिट शुक्रवार को समाप्त हो गई थी। शनिवार सुबह विदेशी प्रतिनिधियों को हैरिटेज वॉक पर ले जाया गया। इसके माध्यम से विदेशी मेहमानों ने इंदौर की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत की जानकारी ली।
जी-20 देशों के श्रम एवं रोजगार मंत्रियों की दो दिवसीय बैठक इंदौर में शुक्रवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इसके उपरांत शुक्रवार शाम को इन विदेशी मेहमानों के लिए शहर के प्रसिद्ध 56 दुकान पर डिनर का आयोजन किया गया था। यहां पर उन्होंने स्ट्रीट फूड का भी आनंद उठाया। इसके बाद शनिवार सुबह समिट में हिस्सा लेने आए 20 देशों के 25 से अधिक प्रतिनिधियों को शनिवार को शहर में हेरिटेज वाक पर ले जाया गया । सुबह सात बजे से शुरू हुई इस हेरिटेज वाक में विदेशी मेहमानों को सबसे पहले बोलिया सरकार की छत्री ले जाया गया। इसके बाद विदेशी मेहमानों ने राजवाड़ा भी देखा।
राजवाड़ा पर विदेशी मेहमानों के लिए विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए गए थे। यहां उनके नाश्ते की भी व्यवस्था की गई थी, जिसमें इंदौर का लोकप्रिय पोहा, जलेबी, कचौरी, समोसे, फल और ज्यूस परोसा गया था। मेहमानों को जलेबी बहुत पसंद आई। मेहमानों को मां अहिल्याबाई होलकर और होलकर राजकाल में श्रमिकों के लिए किए गए कार्यों की जानकारी भी दी गई।
Kolar News
22 July 2023
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.
Created By: Medha Innovation & Development
|