Video

Advertisement


प्रदेश में हुआ पटवारी भर्ती घोटाला एक सुनियोजित घोटाला: आप
bhopal, Patwari recruitment scam, AAP

भोपाल। मध्य प्रदेश में पटवारी भर्ती घोटाले को लेकर आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हुआ पटवारी भर्ती घोटाला एक सुनियोजित घोटाला है। प्रदेश की भाजपा सरकार ने लाखों युवाओं के साथ बड़ा धोखा किया है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में लाखों बेरोजगार नौकरी के लिए परेशान हो रहे हैं। प्रदेश में एक तो भर्ती नहीं हो रही है और जिन पदों पर भर्तियां निकाली जाती हैं वो या तो कोर्ट में अटक जाती हैं या फिर उनमें बड़ा घोटाला सामने आता है।

 

 

रानी अग्रवाल ने शनिवार को अपने बयान में आरोप लगाते हुए कहा कि ये महज संयोग नहीं हो सकता है कि भाजपा विधायक के कॉलेज सेंटर से 114 अभ्यर्थी पास हों और उनमें से मेरिट में टॉप 10 में से 7 अभ्यर्थी उसी कॉलेज से हों। उन्होंने कहा कि पटवारी भर्ती घोटाला सरकार और उसमें शामिल लोगों द्वारा किया गया सुनियोजित घोटाला है। रानी अग्रवाल ने कहा कि हैरानी की बात तो ये है कि मुरैना के जौरा में पास हुए 21 अभ्यर्थियों में से 16 को कानों से सुनने में समस्या है और सभी एक ही जाति वर्ग से संबंध रखते हैं। क्या भाजपा सराकर इसे भी महज संयोग कहेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के मंत्री, विधायक से लेकर अफसर सब के सब भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। उन्होंने कहा कि जानकारी मिली है कि पटवारी बनने के लिए 10 से 15 लाख रुपये लिए गए हैं।भाजपा के विधायक और मंत्री चुनाव के लिए फंडिंग जुटा रहे हैं और ये घोटाला उसी फंडिंग के लिए किया गया है।

 

 

आप की प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पटवारी भर्ती घोटाले में तो अभी और भी चीजें धीरे-धीरे सामने आएंगी। उन्होंने कहा कि ये सरकारी नौकरी का आंखों में सपना संजोए प्रदेश के लाखों युवाओं के अरमानों पर कुठारघात है। पटवारी भर्ती घोटाले से न केवल उनकी नौकरी उनसे छिटकी है बल्कि उनकी उम्मीद भी टूटी है। प्रदेश का युवा लंबे वक्त से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था और नौकरी की उम्मीद लगाए बैठा था लेकिन उसे सरकार ने एक बड़ा धोखा दिया है।

 

 

रानी अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार में ये व्यापम जैसा बड़ा घोटाला है। उन्होंने भाजपा सरकार से कहा कि केवल नाम बदलने से काम नहीं बदल जाते हैं। व्यापम का नाम बदलने का हासिल क्या हुआ केवल पटवारी भर्ती घोटाला। उन्होंने कहा कि काम करने और निष्पक्ष काम के लिए अच्छी नीयत जरूरी होती है लेकिन भाजपा सरकार की नीयत ठीक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में एक भी सरकारी भर्ती निष्पक्ष तरीके से भाजपा सरकार नहीं करा पाई। हर भर्ती में घोटाले सामने आए हैं।

 

 

 

रानी अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने युवाओं के सपनों को छीना है। आम आदमी पार्टी सरकार से मांग करती है कि ये भर्ती रद्द की जाए और दोबारा परीक्षा कराई जाए। इसके अलावा घोटाले की सीबीआई जांच कराई जाए जिससे साफ हो सके कि आखिर युवाओं के सपनों का सौदागर कौन हैं। अगर 7 दिन में सरकार सीबीआई जांच की सिफारिश नहीं करती है तो आम आदमी पार्टी प्रदेश के लाखों युवाओं के साथ सड़कों पर उतरेगी।

Kolar News 15 July 2023

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.