Video

Advertisement


कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इंदौर महापौर का पुतला फूंका
कांग्रेस संपत्ति कर में 30 से 60 फीसदी की वृद्धि को लेकर विरोध कर रही है

जब से पूर्व मंत्री जीतू पटवारी को सजा हुई है तब से कांग्रेस का आक्रामक रूप इंदौर में निकलकर सामने आ रहा है.इंदौर में नगर निगम मुख्यालय का घेराव कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने वाटर कैनन चलाकर खदेड़ा। कांग्रेस संपत्ति कर में 30 से 60 फीसदी की वृद्धि को लेकर विरोध कर रही है। इसका असर 531 कॉलोनियों पर पड़ रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इंदौर के महापौर का पुतला भी फूंका। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर हल्का बल प्रयोग किया है।कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए सुबह से पुलिस के आला अफसर और कई थाना प्रभारी घेराव के पहले ही निगम मुख्यालय पहुंच गए थे। पुलिस ने बैरिकेडिंग करा दी थी। कांग्रेसियों का प्रदर्शन जब उग्र हो गया तो पुलिस को दो बार वाटर कैनन चलानी पड़ी। हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा।प्रदर्शन में पूर्व मंत्री और विधायक जीतू पटवारी, विधायक संजय शुक्ला, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे सहित कांग्रेस पार्षद भी शामिल हुए। वाटर कैनन से राजू भदौरिया, पिंटू जोशी, स्विप्नल कांबले, रमीज खान, साक्षी शुक्ला, अमित चौरसिया, चिंटू चौकसे सहित कुछ कांग्रेसी कार्यकर्ता घायल हुए हैं।रेट जोन में बदलाव की वजह से डोर टू डोर कचरा कलेक्शन की दरों में भी 30 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। कांग्रेस इसी का विरोध कर रही है। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे का कहना है कि एक तरफ तो महापौर दावा कर रहे हैं कि निगम ने नागरिकों को राहत देते हुए कोई नया कर नहीं लगाया है। दूसरी तरफ गुपचुप तरीके से रेट जोन में बदलाव कर दिया गया।इससे शहर की 531 कालोनियों के लाखों लोगों पर टैक्स की मार पड़ रही है। हमने इस संबंध में कुछ दिन पहले ही महापौर को ज्ञापन देकर बदलाव का विरोध किया था। इसके बावजूद कुछ नहीं हुआ।नेता प्रतिपक्ष चौकसे ने आरोप लगाया कि निगम सुविधाएं देने के नाम पर शुल्क बढ़ा रहा है। दूसरी तरफ आमजन को कोई सुविधा नहीं मिल रही। सड़कों पर जो गड्ढे खोदे जा रहे हैं, उन्हें भरा तक नहीं जा रहा। इदरीस नगर में हुआ हादसा इसी का परिणाम है। ऐसे ही मौत के गड्ढे पूरे शहर में खुदे पड़े हैं। निगम हर बार किसी हादसे के बाद व्यवस्था सुधारने के बजाय दिखावटी कार्रवाई कर देता है, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।

Kolar News 3 July 2023

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.