Advertisement
जबलपुर में MBA छात्रा की हत्या के आरोपी भाजपा नेता का ऑफिस और घर गिराने युवा कांग्रेस बुलडोजर लेकर पहुंची। हालांकि, कुछ देर धरना - प्रदर्शन करने के बाद कांग्रेस नेता वापस लौट गए। कांग्रेस ने इसे अपना सांकेतिक प्रदर्शन बताया। पहले दावा था कि कांग्रेस भाजपा नेता के घर पर बुलडोजर चलाएगी। आरोपी को पुलिस जेल भेज चुकी है, लेकिन युवा कांग्रेस उसके घर और ऑफिस पर बुलडोजर चलाने की मांग पर अड़े हैं। युवा कांग्रेस की ओर से शहर में इसे लेकर एक दिन पहले यानी मंगलवार को पोस्टर्स भी लगाए गए थे।कांग्रेस का कहना है कि जिस तरह प्रशासन आम अपराधियों के साथ बर्ताव करता है, वही सलूक छात्रा को गोली मारने वाले के साथ किया जाए। उसका मकान जमींदोज किया जाए। कांग्रेस अपनी मांग को लेकर 'जस्टिस फॉर वेदिका' कैम्पेन भी चला रही है। आज शाम कैंडल मार्च भी निकाला जाएगा।जबलपुर में भाजपा नेता प्रियांश विश्वकर्मा के गोली मारने से घायल MBA छात्रा ने सोमवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। वह पिछले 10 दिन से अस्पताल में भर्ती थी। पीठ में गोली फंसी होने के कारण उसके शरीर में जहर फैल गया था। छात्रा की मौत के बाद पुलिस ने प्रियांश के खिलाफ दर्ज एफआईआर में हत्या की धारा 302 बढ़ा दी है। परिजन ने भी आरोपी को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की है।
Kolar News
28 June 2023
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.
Created By: Medha Innovation & Development
|