Video

Advertisement


पीएम मोदी के कारण दुनिया भर में हो रही भारत की जय-जय: मुख्यमंत्री शिवराज
bhopal,  PM Modi, India

भोपाल। `प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज का भारत सुरक्षित और आत्मविश्वास से भरा है। हर भारतीय का माथा गर्व से ऊंचा हो जाता है, जब अमेरिका के राष्ट्रपति कहते हैं कि मोदीजी दुनिया में आपकी लोकप्रियता है। पीएम मोदी के बदौलत पूरी दुनिया में आज भारत की जय-जय हो रही है। प्रधानमंत्री मोदी भारत के लिए भगवान का वरदान हैं।'

मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने सोमवार को केंद्र में मोदी सरकार के 9 साल पूरा होने के उपलक्ष्य में मीडिया के संवाद कार्यक्रम में उक्त बातें कहीं। इस अवसर पर केंद्रीय श्रम एवं रोजगार और पर्यावरण, वन तथा जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा का भी मीडिया संवाद (उद्बोधन) हुआ।

मुख्यमंत्री शिवराज ने भाजपा शासनकाल के दौरान मध्य प्रदेश की विकास योजनाओं का ब्यौरा देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र की सरकार राज्य के विकास में अपना योगदान दे रही है। प्रदेश में आज 87 लाख लोगों के यहां नल जल कनेक्शन हो चुके हैं। पांच करोड़ से अधिक गरीबों को यहां राशन मिल रहा है। सड़कों के विकास के लिए 52 हजार 600 करोड़ से अधिक की राशि अबतक दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री शिवराज ने ऐसे अन्य विकास कार्यों से जुड़े तथ्य प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रदेश को विकसित राज्य बनाने के लिए भाजपा सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है।

इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार ने अपने विकसित भारत के संकल्प के साथ नौ वर्ष पूरे किए हैं। यह नौ वर्षों के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। भाजपा ने गुड गवर्नेंस को जमीन पर उतारने का काम किया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत का मान, सम्मान और भरोसा दुनिया भर में बढ़ा है। उन्होंने भाजपा के कार्यकाल की उपलब्धियों को संक्षिप्त में बताया और आगे भाजपा की विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने के क्या मुख्य चरण रहेंगे, उनके बारे में भी बात रखी।

वहीं, केंद्रीय श्रम एवं रोजगार और पर्यावरण, वन तथा जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने प्रजेन्टेशन के माध्यम से बताया कि पिछले नौ सालों के दौरान मोदी सरकार में क्या-क्या विकास के कार्य और सुधार हुए हैं। उन्होंने बताया कि देश में जहां पहले 39 प्रतिशत महिलाओं के लिए शौचालयों की व्यवस्था थी, आज वह शहर और ग्रामीण दोनों के स्तर पर 100 प्रतिशत पर पहुंच चुकी है। आज देश का हर गांव ओडीएफ घोषित हो चुका है। देश के 12 करोड़ घरों तक नल से जल पहुंच रहा है।

केंद्रीय मंत्री यादव ने कहा कि कोविड की जो वैक्सीन दूसरे देशों को दी, उससे हमारा सम्मान बढ़ा। मेरा स्वयं का अनुभव इस संबंध में विदेश यात्रा के दौरान आया है, जो सम्मान भारतीय होने से मिला वह अद्भुत था। उन्होंने कहा कि आज दुनिया में इंडिया की अलग पहचान बनी है और यह सब प्रधानमंत्री मोदी की वजह से हुआ है। आज हमें विदेश में एक अलग सम्मान मिलता है।

केंद्रीय मंत्री यादव ने कहा कि पहले ऐसा लगता था महिलाएं सिर्फ पानी भरने एवं घर के कार्य करने के लिए ही हैं। राजस्थान का उदाहरण देकर केंद्रीय मंत्री ने इस मीडिया संवाद में यह बताने का प्रयास किया कि कैसे कई किमी की दूरी से पानी लाने में ही पूरा समय किसी महिला का चला जाता था। उन्होंने कहा कि अब समय बदल चुका है। देश को लाल पानी से मुक्ति दिलाने के साथ महिलाओं के विकास से जुड़ी अनेक सफल योजनाएं आज मोदी के सुशासन में संचालित हुई हैं।

उन्होंने आंकड़े देकर बताया कि उज्ज्वला योजना के तहत साढ़े 09.6 करोड़ महिलाओं फायदा पहुंच रहा है। 80 करोड़ लोगों तक मुफ्त राशन पहुंचाने का काम हुआ है। गरीबों एवं सामान्य वर्ग की पांच लाख तक आयुष्मान कार्ड के माध्यम से नि:शुल्क इलाज की व्यवस्था की गई है। एक रुपए में सैनिटरी पेड उपलब्ध कराना और देशभर में 9300 से अधिक जन औषधि केंद्र खोलने जैसे अनेक कार्य पिछले नौ साल के पीएम मोदी कार्यकाल के दौरान ही संभव हो पाए हैं।

साथ ही उन्होंने कृषि क्षेत्र में हुए अनेक कार्यों का भी उल्लेख किया। केंद्रीय मंत्री ने 10 प्रतिशत ईडब्ल्यूएस आरक्षण कोटे का भी जिक्र किया और सामाजिक समरसता के बीच इसका महत्व बताया। उन्होंने एयरपोर्ट, राष्ट्रीय राजमार्ग, वॉटर-वे, वन्दे भारत ट्रेन, मेट्रो गाड़ियां, एम्स, आईआईएम, आईआईटी, विश्वविद्यालयों की संख्या में बढ़ोत्तरी समेत मोदी सरकार के विकास के कई आयामों के बारे में आंकड़ों के साथ बताया। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार लक्ष्य भारत को शीघ्रतम विकसित राष्ट्र बनाना है, जिसके लिए हम सभी प्राणपण से जुटे हुए हैं।

Kolar News 29 May 2023

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.