Video

Advertisement


रहवासी इलाके में घुसा तेंदुआ
satna, Leopard entered ,residential area

सतना। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के मुख्तियार गंज के लोग शुक्रवार सुबह उस समय दहशत में आ गए, जब वहां एक तेंदुआ घुस आया, घनी आबादी वाले इस इलाके में घुसे तेंदुए ने एक महिला समेत दो लोगों पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले की खबर आग की तरह शहर में फैली और देखते ही देखते लोगों की भीड़ लग गई। तेंदुआ की दहशत से घंटों अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। आलम यह रहा कि तेंदुए के डर से लोगों ने खुद को अपने घरों में बंद कर लिया। सूचना मिलने पर पहुंची वन विभाग की टीम ने करीब सात घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को रेस्क्यू कर पकड़ा और अपने साथ ले गए।

 

 

दरअसल, सतना के शहरी इलाकों के बाहर बीते कई दिनों से तेंदुआ मूवमेंट कर रहा था, लेकिन शुक्रवार सुबह तेंदुआ शहर के मुख्तियारज में एक घर में घुस गया, जहां उसने एक महिला समेत दो लोगों को घायल कर दिया। इसके बाद लोगों ने जिला प्रशासन, पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। मौके पर वन विभाग का अमला और जिला प्रशासन के साथ पुलिस बल भी पहुंचा। वन विभाग की टीम ने तेंदुए की सर्चिंग शुरू की लेकिन घनी बस्ती होने के कारण उसकी लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो रही थी। इलाका काफी घनी आबादी वाला होने और कई गलियां होने के कारण तेंदुए की लोकेशन नहीं मिल रही थी, तेंदुआ एक स्थान से दूसरे स्थान आसानी से मूव कर रहा था। वन विभाग का अमला मैनुअली और ड्रोन के माध्यम से किसी प्रकार तेंदुए को लोकेट कर रहा था और फिर उसे इसमें सफलता मिल गई। कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को पकड़ लिया गया है।

 

 

बताया जा रहा है कि वॉर्ड नंबर-5 मुख्तियारगंज में सुबह तेंदुए की आमद से दहशत फैल गई। तेंदुए ने यहां पहले दुर्गावती नाम की महिला को अपना शिकार बनाते हुए उसे जख्मी किया और फिर किशन श्रीवास्तव नाम के युवक को भी दबोचने की कोशिश की। दुर्गावती (56) के शरीर पर तेंदुए के हमले में कई जगह गहरे जख्म बने हैं और किशन (24) भी घायल है। दोनों को जख्मी करने के बाद तेंदुआ एक खाली घर में जा घुसा। खबर मिलते ही प्रशासन, पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। कड़ी मशक्कत के बाद मुकुंदपुर जू की टीम ने तेंदुए का रेस्क्यू किया।

 

 

एसडीएम नीरज खरे ने बताया कि तेंदुआ एक खाली घर के अंदर घुसा हुआ था, घर के चारों तरफ से दरवाजों को बंद करके बड़ी मशक्कत के बाद उसे ट्रेंकुलाइज किया गया। बेहोश होने पर उसे जाल के माध्यम से पिंजरे तक लाया गया। तेंदुए का रेस्क्यू ऑपरेशन तकरीबन सात घंटे चला, वन विभाग द्वारा तेंदुए को मुकुंदपुर टाइगर सफारी ले जाया गया है, जहां उसका इलाज किया जायेगा फिर उसे जंगल में छोड़ दिया जाएगा।

Kolar News 28 April 2023

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.