Video

Advertisement


कांग्रेस दिग्विजय और पाकिस्तान की भाषा एक हैः मुरलीधर राव
damoh, Congress, Digvijay,Muralidhar Rao

दमोह। भाजपा के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा कि कश्मीर, बंगाल, गोवा और असम में घुसपैठ के खिलाफ लड़ाई भारतीय जनता पार्टी लड़ती है और सत्ता में कांग्रेस आना चाहती है। हमने कमलनाथ और दिग्विजय जैसे नेताओं को संघर्ष करते और लाठी खाते व धरना करते कभी नहीं देखा। पूरे देश में भाजपा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मध्य प्रदेश में भाजपा को हटाने का लक्ष्य लेकर चलने वाला मुख्य दल कांग्रेस है। कांग्रेस ने देश में मुश्किल से एक भारत जोड़ो यात्रा निकाली और यात्रा में भारत तोड़ने वाले एवं देश विरोधी तत्वों को जोड़ने का काम किया। भाजपा से घबराकर कांग्रेस और दिग्विजय सहित पाकिस्तान भी वही भाषा बोलता है। आखिर कांग्रेस और पाकिस्तान की भाषा एक क्यों है।

भाजपा के प्रदेश प्रभारी राव मंगलवार को दमोह के उत्सव विलास होटल में दमोह विधानसभा के त्रिदेव सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व सागर संभाग प्रभारी चौधरी मुकेश चतुर्वेदी, जिला प्रभारी डॉ. अभिलाष पाण्डे एवं जिला अध्यक्ष प्रीतम लोधी ने भी सम्बोधित किया।

 

 

भारत में मुस्लिमों को कोई खतरा नहीं, खतरा कांग्रेस से है

 

मुरलीधर राव ने कहा कि भाजपा से मुकाबला करने के लिए कांग्रेस के पास कार्यकर्ता नहीं है। कमलनाथ और दिग्विजय इस जीवन में भाजपा को हराने का ख्याल दिमाग से निकाल दें। कांग्रेस और दिग्विजय सिंह को भाजपा को हराने के लिए भारत को बदनाम करने से बाज आना चाहिए। जब तक कॉंग्रेस भारत के खिलाफ बोलती रहेगी, भाजपा निरंतर आगे बढ़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि मुस्लिमों की आबादी बढ़ने के बाद भी मुस्लिम खतरे में कैसे हैं। जब तक भारत है, तब तक मुस्लिम को कोई खतरा नहीं, खतरा कांग्रेस से है। कांग्रेस ने राम मंदिर निर्माण में तमाम रोड़े लगाने का काम किया। धारा-370 हटाने पर इनको पाकिस्तान की फ्रिक ज्यादा थी।

 

 

उन्होंने कहा कि हमें भारत का विकास करना है और भारत का विरोध करने वाली कॉंग्रेस का वजूद खत्म करना हमारा लक्ष्य है। उत्तर और दक्षिण में सड़कों का स्वर्ग भाजपा ने बनाया, आज मध्यप्रदेश में 44 लाख लाड़ली लक्ष्मी बेटियां हैं। प्रदेश में लाड़ली लक्ष्मी योजना से एक सामाजिक परिवर्तन आया है। कृषि क्षेत्र मे लगातार ग्रोथ करने वाला प्रदेश मध्यप्रदेश है, वहीं कॉंग्रेस मध्यप्रदेश के लिए ग्रहण साबित हुई है। मध्यप्रदेश को अगर बचाना है, तो मध्यप्रदेश को कॉंग्रेस से दूर रखना है। नारेबाजी एवं भाषणबाजी से चुनाव नहीं जीते जाते, बूथ लेवल पर कार्य और जनता से जुड़ाव से चुनाव जीते जाते हैं।

 

 

पार्टी के विराट स्वरूप में बूथ के कार्यकता की अहम भूमिका

 

राव ने जिला पदाधिकारियों की बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि बूथ हमारी सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। पार्टी के इस विराट स्वरूप के लिए बूथ के कार्यकता की भूमिका अहम है। त्रिदेव बूथ के वह तीन कार्यकर्ता हैं, जो पार्टी की रीढ़ हैं। कार्यकर्ता के बल पर निरंतर भाजपा को जीतना है। मध्यप्रदेश भाजपा का एक मजबूत खंबा है। अबकी बार 200 पार के लक्ष्य के साथ दमोह में विजय का शंख बजाकर कॉंग्रेस के मनोबल को तोड़ना है। बूथ विस्तारक अभियान के अंतर्गत हमें अपने बूथ को मजबूत तो करना ही है, साथ ही हमें यह ध्यान रखना है कि अपने बूथ पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के सफलतम 9 वर्षो में किये गये कार्यां और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान सरकार की जनहितैषी योजनाओं के लाभ से जो लोग वंचित है, उन पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाकर हितग्राहियों को पार्टी से जोडने का काम करना है।

Kolar News 26 April 2023

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.