Video

Advertisement


विजयवर्गीय का दिग्विजय सिंह पर पलटवार
bhopal,Vijayvargiya hit back , Digvijay Singh

भोपाल। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक दिन पहले भाजपा के सात संभावित नेताओं के नाम लेकर कहा था कि उन्होंने मुख्यमंत्री बनने के लिए सूट सिलवाए हुए हैं, लेकिन किसी को मौका नहीं मिलेगा। क्योंकि मुख्यमंत्री पद की शपथ कमलनाथ लेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने दिग्विजय के बयान पर पलटवार किया है।

 

 

उन्होंने कहा कि इस उम्र में लोग अक्सर बहकी-बहकी बातें करते हैं। '70 साल की उम्र के बाद नींद नहीं आती है, बल्कि सपने आते हैं। 'कांग्रेस के राजा' ने सपने में ऐसा कुछ देख लिया होगा। मैंने तो शादी के बाद कभी सूट ही नहीं पहना। मैं जब मंत्री रहा, तब भी बिना सूट के ही शपथ ली थी। मुझे उनके बयान पर इससे ज्यादा कोई टिप्पणी नहीं करनी है।'

 

 

दरअसल, दिग्विजय सिंह ने बुधवार को सागर में मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए शिवराज सिंह चौहान के अलावा केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, शिवराज सरकार में मंत्री गोपाल भार्गव, भूपेंद्र सिंह और नरोत्तम मिश्रा को दावेदार बताया। उन्होंने इन नेताओं का नाम लेकर कहा कि ये तैयारी में हैं कि कब मौका मिल जाए। इसी को लेकर कैलाश विजयवर्गीय ने दिग्विजय सिंह पर पलटवार किया है।

 

 

वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि 'दिग्विजय सिंह इतनी फुर्सत में हैं कि वे भाजपा से कौन मुख्यमंत्री होगा, इसकी चिंता कर रहे हैं। जबकि उन्हें चिंता करना चाहिए कि खुद का क्या होगा? कांग्रेस में नेता तो अपने पुत्रों की चिंता में परेशान हैं। दिग्विजय सोचते रहते हैं कि उनका बेटा कब मुख्यमंत्री बनेगा? कमलनाथ भी बेटे के राजनीतिक भविष्य को लेकर चिंतित हैं। बीजेपी तो डेमोक्रेटिक पार्टी है, जिसे मुख्यमंत्री बनाना है, वह तय कर लेगी। मध्यप्रदेश में सक्षम मुख्यमंत्री काम कर रहे हैं।'

 

 

इधर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिग्विजय सिंह के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि 'जिनके मन में उस पद को ग्रहण करने की इतनी आशा है, वही व्यक्तव्य दे रहे हैं।' उन्होंने कहा कि 'मेरी धारणा सेवा करने की है। पार्टी जो भी जिम्मेदारी दे, उसका निर्वहन करना है। सिंधिया परिवार में चाहे मेरी आजी अम्मा हों या मेरे पिताजी, यह परिवार सेवा के भाव पर काम करता है।'

 

लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि भाजपा में सत्ता-संगठन के सभी बड़े फैसले हाईकमान करता है। रहा सवाल सूट सिलवाने का तो मैंने मंत्री पद की शपथ कुर्ता-पायजामा और चप्पल पहन कर ली है।' परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ने भी दिग्विजय सिंह के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि दिग्वियज सिंह जहां जाते हैं, वहां-वहां बंटाधार हो जाता है। आने वाले समय में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाएगा।

Kolar News 14 April 2023

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.